उन्नाव: सामने आई दलित युवती की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, सिर पर चोट, टूटी हुई थी गर्दन की हड्डी
उन्नाव: सामने आई दलित युवती की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, सिर पर चोट, टूटी हुई थी गर्दन की हड्डी
उन्नाव, 11 फरवरी: समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व राज्यमंत्री फतेह बहादुर के प्लाट से दलित युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में शहर कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय को सस्पेंड कर दिया है। तो वहीं, दलित युवती के शव का तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया है, जिसकी रिपोर्ट अब सामने आ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दलित युवती की मौत गला दबाने की वजह से हुई है।

क्या आया पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवती की गर्दन की हड्डी भी टूटी मिली है। इसके साथ सिर में दो चोट के निशान भी मिले हैं। वहीं, दलित युवती का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तो वहीं, परिजन पोस्टमॉर्टम के बाद युवती के अंतिम संस्कार के लिए शव को जाजमऊ के चंदन घाट लेकर पहुंचे। इस दौरान चार थानों की पुलिस फोर्ट श्मशान घाट पर मौजूद रही। आपको बता दें, इस मामले में पूर्व मंत्री का बेटा राजोल सिंह अपने एक साथी के साथ युवती को अगव करने के मामले पहले ही जेल में बंद है। जिसपर अब हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है।

क्या है पूरा मामला
कांशीराम कालोनी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती 8 दिसंबर को लापता हो गई थी। युवती की मां ने सपा के पूर्व मंत्री स्व. फतेह बहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह पर आरोप लगाए थे। मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर मां ने बीती 24 जनवरी को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की कार के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। इस घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मामले में युवती की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और आरोपी रजोल सिंह को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

खाली पड़े प्लाट में दफन मिला शव
कोर्ट से रिमांड आर्डर लेकर पुलिस ने रजोल सिंह से कई घंटों की पूछताछ की थी। पूछताछ में अहम जानकारियां मिलने के बाद पुलिस ने सुराग तलाशने शुरू किए थे। रजोल की कॉल डिटेल खंगालने के बाद पुलिस के हाथ हरदोई जिले के नयागांव मुबारकपुर निवासी सूरज सिंह का नंबर हाथ लगा। इस पर पुलिस ने सूरज को उठाकर पूछताछ की तो उसने सब कुछ उगल दिया। सूरज ने बताया कि राजोल के साथ मिलकर उसने युवती की हत्या की थी। उसके बाद शव को पूर्व मंत्री के कब्बाखेड़ा स्थित दिव्यानंद आश्रम के पीछे प्लाट में बने टैंक के गड्ढे में दबा दिया था।

सूरज की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया शव
गुरुवार को पुलिस ने सूरज की निशानदेही पर पूजा का शव बरामद कर लिया। इस दौरान एसपी शशि शेखर सिंह, सीओ सिटी कृपाशंकर, सीओ लाइन सोनम सिंह समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में शहर कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय को सस्पेंड कर दिया है और एफआईआर में हत्या की धारा की भी बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications