सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन समेत 40 पर दर्ज हुई FIR, कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन का मामला
उन्नाव, मई 11: समाजवादी पार्टी के एमएलसी सुनील सिंह साजन समेत 40 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। यह एफआईआर गीता गार्डेन में तीन दिन पहले बिना अनुमति बैठक करने पर अजगैन कोतवाली पुलिस ने दर्ज की है। बताया जा रहा है कि इस बैठक कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन किया गया था, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने ये कार्रवाई की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8 मई को अजगैन कोतवाली क्षेत्र स्थित गीता गार्डेन में सपाइयों ने पंचायत चुनाव में सभी निर्वाचित सदस्यों का सम्मान किया था। कार्यक्रम में कई कद्दावर नेता मौजूद थे। होटल में हुई इस बैठक की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल हुई तस्वीरों का उन्नाव पुलिस ने संज्ञान लिया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की।
इन सपा नेताओं पर दर्ज हुई एफआईआर
बता दें कि जिन नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज हुई है, उनमें सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व विधायक उदयराज यादव, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, पूर्व एमएलसी अरुण शंकर उर्फ अन्ना शुक्ला, अशोक चंदेल, अनिरुद्ध चंदेल, सेवकलाल रावत और होटल गीता गार्डेन के मालिक सुनील गुप्ता समेत 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ लॉकडाउन व धारा 144 का उल्लंघन करने के अलावा महामारी अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एएसपी शशिशेखर सिंह ने कही ये बात
वहीं एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि गीता गार्डन नामक होटल में एक पार्टी विशेष के लोगों द्वारा मिलकर के एक मीटिंग की गई और इसमें 30-35 लोग बिना अनुमति के शामिल हुए। इनके द्वारा कोविड-19 का जो नियम है उनका उल्लंघन किया गया। बताया कि साथ ही पूरे उन्नाव जनपद में धारा 144 लागू है, उसका भी उल्लंघन किया गया है। एएसपी ने बताया कि इस संबंध में थाना अजगैन में अभियोग पंजीकृत कर के विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications