अखिलेश यादव उन्नाव पीड़िता के घर पहुंचे, बोले- परिवार ने बहादुर बेटी को खो दिया, बहुत दुखी हूं
उन्नाव. यूपी में उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद से उसका परिवार सदमे में है। उन्हें संवेदना जताने बड़े-बड़े सियासी लोग घर आ रहे हैं। उन्नाव सांसद साक्षी महाराज मंत्री कमल रानी वरुण और स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ आए, तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी आईं। आज सपाध्यक्ष अखिलेश यादव भी मृतका के घर आ पहुंचे। यहां अखिलेश पीड़ित परिवार से मिले। उसके बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों को बयान दिए।

अखिलेश ने कहा, ''इस परिवार ने अपनी बहादुर बेटी को खो दिया है। सरकारी लोग भी जानते थे कि उसके साथ पहले क्या हुआ था, इसके बावजूद यह सरकार उसे बचा नहीं सकी। मैं इससे बहुत दुखी हूं।'
यूपी के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार खुद अपने लोगों पर कार्रवाई नहीं कर रही, उनके कई नेता बलात्कार के आरोपी हैं।
उन्नाव कांड को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश पहले भी मौजूदा सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे थे। बीते शनिवार की सुबह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा के बाहर धरना दिया था। वहीं, बीते दिनों जब उन्नाव के ही सांसद साक्षी महाराज कई मंत्रियों सहित पीड़िता के घर पहुंचे तो उन्हें देखकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के सदस्य विरोध करने लगे। सैकड़ों की तादाद में मौजूद एनएसयूआई सदस्यों ने साक्षी और मंत्रियों का घेराव किया। प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। प्रदर्शनकारियों को पुलिस तितर-बितर करने लगी। कई युवक उठा-उठाकर नेताओं के रास्ते से साइड में पटक दिए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications