Umaria News : दलाल के जरिए रिश्वत लेते आरआई पटवारी को लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा
रीवा लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को उमरिया जिले में एक बार फिर रिश्वत लेने वाले राजस्व विभाग के 3 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कर्मचारियों में आरआई, पटवारी और तीसरा दलाल शामिल है।

उमरिया जिले में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटवारी और आरआई को एक किसान से घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। बताते चलें, यहां लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दलाल समेत रेवन्यू इंस्पेक्टर और पटवारी को सात हजार रुपए घूस लेते हुए पकड़ा है। सीमांकन के एवज में पटवारी और आरआई दलाल के माध्यम से रिश्वत ले रहे थे।
उमरिया जिले के ग्राम बचहा निवासी किसान वेदप्रकाश जायसवाल ने जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था। लेकिन आरआई गरीब दास और पटवारी अनिल पाठक ने सीमांकन कराने के एवज में 7 हजार रुपए घूस मांगी थी। इसपर किसान ने मामले की शिकायत रीवा लोकायुक्त से की। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच कराई, जिसमें पुष्टि होने के बाद आज पुलिस ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त पुलिस द्वारा घूस लेते पकड़े गए आरोपी पटवारी और आरआई इतने शातिराना ढंग से घूस लिया करते की उन्हें पकड़ पाना आसान नहीं था। दोनो आरोपी किसी भी पार्टी से खुद घूस नहीं लेते थे, बल्कि इस रिश्वतखोरी के लिए उन्होंने एक दलाल रखा हुआ था। दलाल ही रिश्वत की रकम लेकर तय समय और स्थान पर इन दोनों को रुपए लाकर देता था। इस तरह दोनों आरोपी लंबे समय से कार्रवाई से बचते आ रहे थे। हालांकि, रीवा लोकायुक्त की टीम ने तीनों आरोपियों को जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस कार्रवाई से अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है।
बताते चलें ये कार्रवाई लोकायुक्त इंस्पेक्टर जियाउल हक के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम द्वारा की गई है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से आगे की कारवाही कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications