केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उज्जैन में BJP कार्यकर्ताओं को दिया विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र
MP BJP News: केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश को परम वैभव की ओर ले जाने का काम आप बीजेपी के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। जब-जब भी आप दृढ़ निश्चय के साथ मैदान में उतरे हैं और मन लगाकर काम किया है, तब-तब पार्टी ने बहुमत से जीत हासिल की है।
केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को उज्जैन संभागीय कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। तोमर ने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जीत के लिए आपको अभी से जुटना होगा। तभी राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने की हमारी संकल्पना पूरी होगी।

जनहित के कामों में भाजपा सरकारों ने नहीं छोड़ी कसर
केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारों ने जनकल्याणकारी कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना जैसी योजना चलाई जिससे महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। वहीं केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान भारत जैसी कई योजनाएं चलाईं जिनसे जनता का कल्याण हुआ। पहले गरीब लोग बैंकों तक पहुंच नहीं पाते थे। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने उनके जनधन खाते खोले और आज गरीब से गरीब आदमी भी बैंक जा रहा है। सरकार सीधे योजनाओं के पैसे खाते में डाल रही है, इससे गरीब व्यक्ति को सीधा लाभ मिल रहा है।
तोमर ने कहा कि अधोसंरचना की बात करें तो 2003 के पहले मध्यप्रदेश में मिस्टर बंटाधार मुख्यमंत्री हुआ करते थे और प्रदेश की सड़कों पर चुटकुले बनने लगे थे। 2003 के बाद से जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से प्रदेश की सभी सड़कें बढ़िया हो गई हैं। पहले उज्जैन से भोपाल जाने में 4 से 5 घंटे लगते थे और गड्ढों का सामना करना पड़ता था। अब स्थिति यह है कि उज्जैन से भोपाल जाने में सिर्फ 2 घंटे का समय लग रहा है। आधे दिन में ही व्यक्ति काम निपटाकर भोपाल से उज्जैन वापस आ सकता है। प्रदेश में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब मेडिकल कॉलेज की संख्या 25 के करीब हो गई है।
सरकार और संगठन ने मिलकर की पीड़ितों की सेवा
केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है, जिसने कोरोना महामारी के समय सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर जनता की काफी मदद की। हमारी पार्टी का कार्यकर्ता प्राण-प्रण और तन, मन एवं धन से जरूरतमंदों की सेवा में जुटा हुआ था। हमारी सरकारों ने जरूरतमंदों को दवाएं, राशन उपलब्ध कराकर कठिन समय में उनकी सहायता की। प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने काफी कम समय में चिकित्सा उपकरण और दो-दो वेक्सीन उपलब्ध कराई और देश की जनता को उस महामारी से बचाया।
बूथ स्तर पर योजनाओं का प्रसार करें कार्यकर्ता
केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने खूब जन कल्याणकारी काम किए हैं और विकास भी किया है। लेकिन अब फिर से विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को लगना पड़ेगा। आप सब को बूथ स्तर तक जाकर सरकार की योजनाओं का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार करना होगा और जनता से सीधे बात करना पड़ेगी। तभी विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में हमारी जीत होगी। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस को परास्त करना है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है।
पूर्व आरटीओ बोरासी एवं कांग्रेस नेता व्यास ने ली भाजपा की सदस्यता
बैठक के दौरान पूर्व आरटीओ जगदीश चंद्र बोरासी तथा कांग्रेस के नेता रूपम व्यास ने BJP की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया। बैठक के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मंत्री मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी आलोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ चिंतामणि मालवीय, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक बहादुर सिंह चौहान, महापौर मुकेश टटवाल, जगदीश अग्रवाल, इकबाल सिंह गांधी, सत्यनारायण खोईवाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications