Ujjain News: महाकाल के सिर सेहरा सजा, साल में एक बार दिन की भस्म आरती में दिखा दिव्य रूप
मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक दक्षिण मुखी श्री महाकालेश्वर मंदिर में विराजमान भगवान श्री महादेव ने महाशिवरात्रि पर्व के दूसरे दिन प्रातः पुष्प मुकुट (सेहरा) धारण कर भक्तों को अपने दिव्यरूप में दर्शन दिये।
वर्ष में एक ही बार महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान श्री महाकालेश्वर की दोपहर में भस्मार्ती सम्पन्न हुईं। महाशिवरात्रि पर्व पर लगातार भगवान शिव के दर्शन 44 घण्टे दर्शनार्थियों ने किये।

भगवान श्री महाकालेश्वर जी के सवामन पुष्प मुकुट के दर्शन प्रातः से शुरू हुआ तत्पश्चात पूर्वान्ह्ः 11 बजे के लगभग मुकुट उतारा गया। इसके बाद भगवान महाकाल की वर्ष में एक बार दोपहर में होने वाली भस्मार्ती प्रारंभ हुई। भस्म आरती में भक्तों ने ध्यान मग्न होकर भगवान भोले नाथ की आरती का दर्शन लाभ लिया।
महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान श्री महाकालेश्वर रात्रि विश्राम नहीं करते है और सतत 44 घण्टे अपने भक्तों को दर्शन देते है। महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व 29 फरवरी शिव नवरात्रि से भगवान श्री महाकाल के अलग-अलग रूपों में हजारों भक्तों ने दर्शन लाभ लेकर पुण्य प्राप्त किया।
भगवान श्री महाकालेश्वर जी नित नूतन और अभिनव रूपों में भक्तों को दर्शन देते है। कभी प्राकृतिक रूप में, तो कभी राजसी रूप में आभूषण धारण कर तो कभी भांग, चंदन, सूखे मेवे से तो कभी फल, पुष्प से सजते है। संभवतः विश्व में अकेले श्री महाकालेश्वर भगवान ही है जो इतने रूपों में दर्शन होते है।
दोपहर की भस्मार्ती का कई दर्शनार्थियों ने लाभ लिया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा एवं प्रशासक संदीप सोनी ने की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करने पर सबका आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।
वर्ष में एक बार दोपहर में होने वाली भस्मार्ती में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने आप को धन्य महसूस किया।
मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही बड़ी संख्या श्रद्धालुओं के आने का दौर चालू रहा जो लगातार जारी रहा। हर हर महादेव, बम बम भोले, जय श्री महाकाल के जयकारों के साथ श्रद्धालु ने सुव्यवस्थित भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए।
भगवान महाकाल के दर्शन करने मध्य प्रदेश समेत अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे थे, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर अपने लाभ कमाया है। इस दौरान वन इंडिया हिंदी से खास बातचीत में श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा किए हैं।
ये भी पढ़े- Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि पर लाखों भक्तों ने किए महाकाल दर्शन, कैसी है व्यवस्था, बताया












Click it and Unblock the Notifications