Ujjain News: सावन में महाकाल सवारी की तैयारी, क्या कुछ रहेगा खास, जानिए
उज्जैन में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने शनिवार को प्रशासनिक अमले के साथ भगवान महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारी की पूर्व तैयारी हेतु सवारी मार्ग का भ्रमण किया। सर्वप्रथम अधिकारियों द्वारा सभा मण्डप में की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जानकारी दी गई कि, सर्वप्रथम सभा मण्डप में भगवान महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया जाता है। यहां बेरिकेटिंग की जाती है, ताकि भीड़ नियंत्रित हो सके। भगवान का पूजन अपराह्न 3.15 बजे से प्रारम्भ होता है तथा शाम 4 बजे भगवान की पालकी मन्दिर प्रांगण के बाहर आती है।

मन्दिर के पुजारी प्रतिनिधि द्वारा जानकारी दी गई कि भगवान की पालकी को मन्दिर के बाहर सलामी दी जाती है। भगवान महाकालेश्वर के मन्दिर के बाहर से महाकाल चौराहा से लेकर गुदरी तक मार्ग के दोनों तरफ डबल बेरिकेटिंग किये जाने के निर्देश दिये गये।
सवारी मार्ग में आने वाले जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। जहां चौड़ीकरण किया जाना है, वहां मार्किंग कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि पहले नपती के लिये टीम भेजी जाये, इसके बाद मार्किंग कर आगे की कार्यवाही की जाये।
भ्रमण के दौरान एडीएम अनुकूल जैन, सीईओ जिला पंचायत व मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक मृणाल मीना, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक,श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति सदस्य राजेन्द्र शर्मा 'गुरु', राम पुजारी एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
उज्जैन में श्रावण-भादौ मास में भगवान श्री महाकाल की सवारियां निकाली जायेंगी। श्रावण मास की प्रथम सवारी 22 जुलाई को निकाली जायेगी। भादौ मास में भगवान महाकाल की अन्तिम शाही सवारी 2 सितम्बर को निकाली जायेगी।
श्रावण मास में पांच सवारी एवं भादौ मास में दो सवारी निकलेगी। कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन के द्वितीय तल के सभाकक्ष में बैठक सम्पन्न हुई।
श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारियों के क्रम में प्रथम सवारी सोमवार 22 जुलाई, द्वितीय सवारी सोमवार 29 जुलाई, तृतीय सवारी सोमवार 5 अगस्त, चतुर्थ सवारी सोमवार 12 अगस्त, पंचम सवारी सोमवार 19 अगस्त को श्रावण मास में निकाली जायेगी। इसी तरह भादौ मास में षष्टम सवारी सोमवार 26 अगस्त तथा शाही सवारी सोमवार 2 सितम्बर को निकाली जायेगी।
ये भी पढ़े- Ujjain News: प्रजा का हाल जानने निकलेंगे महाकाल, इस दिन शाही सवारी में देंगे दर्शन












Click it and Unblock the Notifications