Mahakal lok : CM Shivraj ने जताया आभार, बोले - महाकाल लोक पिकनिक स्पॉट नहीं है
प्रदेश के मुखिया यानी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को कालिदास अकादमी में आयोजित महाकाल लोक की आयोजन समिति के सदस्यों एवं साधु-सन्तों के आभार प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी साधु-सन्तों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार प्रदर्शन किया और कहा कि, आप सबके प्रयासों से महाकाल लोक का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने आभार स्वरूप साधु-सन्तों एवं आयोजन समिति के सदस्यों पर पुष्पवर्षा की है।

सीएम शिवराज ने कही ये बात
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाकाल लोक की रचना अदभुत एवं अद्वितीय है। महाकाल लोक की ख्याति देश-विदेश में है। यह ईश्वर की अनुपम कृति है। महाकाल लोक का और अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिये और इसे देश-विदेश में आमजनों तक पहुंचाने के लिये अब उज्जैन में शिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक महाकाल लोक के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, महाकाल लोक के विषय में लोग अधिक से अधिक जानें, इसके लिये वे स्वयं देश के प्रमुख लोगों को महाकाल लोक के दर्शन करने के लिये पत्र भेजेंगे एवं महाकाल का प्रसाद भी भेजेंगे।
महाकाल लोक पिकनिक स्पॉट नहीं है - सीएम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, महाकाल लोक श्रद्धा, आस्था एवं प्रेरणा का स्थान है। महाकाल लोक पिकनिक स्पॉट नहीं है। हम सब ऐसा प्रयास करें कि महाकाल लोक के दर्शन करने वाले अपने मन में एक श्रद्धा एवं भक्ति का भाव लेकर महाकाल लोक के दर्शन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि, भगवान भोले शंकर मेरे आदर्श हैं। भगवान भोले शंकर ने सृष्टि को बचाने के लिये अपने को दांव पर लगाते हुए हलाहल विष का पान किया। महाकाल लोक में शिव महिमा एवं हमारे धार्मिक आस्थाओं का पत्थर पर चित्रण है। भित्ति चित्रों के माध्यम से महाकाल लोक में आने वाली हमारी पीढ़ी हमारी धार्मिक परम्परा एवं आस्था से परिचित हो सकेगी। महाकाल लोक में सृष्टि की उत्पत्ति, शिप्रा का उदभव एवं शिव महिमा को बहुत ही सुन्दर तरीके से उकेरा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक का संचालन अब व्यवस्थित ढंग से हो, इसके लिये विस्तृत कार्य योजना बनाई जायेगी। उन्होंने आयोजन समिति से सुझाव भी आमंत्रित किये।












Click it and Unblock the Notifications