Mahakal Lok में होगा फेसिलिटी सेंटर-3 का निर्माण, क्या कुछ रहेगा खास, जानिए?
भगवान श्री महाकालेश्वर की पावन नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री महाकाल महालोक के लोकार्पण के उपरांत श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए भक्तों की निर्बाध व सुविधाजनक तीर्थयात्रा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हर आवश्यक सुविधा को सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में श्री महाकाल लोक परिसर में बड़े गणेश मंदिर के निकट सर्व सुविधायुक्त एवं वातानुकूलित, तीसरे फैसिलिटी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। रुद्र सागर एवं हरसिद्धि मंदिर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को इस निर्माण से सुविधा प्राप्त हो सकेगी।

ये सुविधाएं मिल सकेंगी
महाकाल लोक परिसर में 40000 स्क्वेयर फीट क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ की लागत से बनने जा रहे इस सुविधा केंद्र में पूछताछ केंद्र, जूता स्टैंड, सामान के लिए लॉकर्स, लड्डू प्रसाद काउंटर्स, महिला-पुरुष सुविधा घर एवं प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। इस केंद्र के ऊपरी तल पर फूड कोर्ट के साथ ही अन्नकूट भोग निर्माण के लिए भोगशाला का निर्माण किया जा रहा है।श्री महाकाल महालोक के लोकार्पण के उपरांत तीर्थ नगरी उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख एवं रविवार व सोमवार को 2.5 से 3 लाख श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। अभी 4 जुलाई से 11 सितम्बर में श्रावण-भाद्रपद माह व श्रावण अधिक माह में लगभग 2.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन व महाकाल महालोक का भ्रमण किया है।
सीएम शिवराज ने दी सौगात
हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2 हजार कक्ष के महाकालेश्वर मन्दिर भक्त निवास का भूमिपूजन किया था। भक्त निवास की लागत 500 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये 17 करोड़ रुपये से बनने वाले फेसिलिटी सेन्टर का भी भूमिपूजन किया था। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 31.49 करोड़ रुपये से बने संभागीय आईटीआई भवन तथा 4 करोड़ रुपये से निर्मित महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया था। मुख्यमंत्री ने 11.09 करोड़ रुपये से निर्मित मेघदूत पार्किंग का भी लोकार्पण किया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान ने 600 करोड़ रुपये की राशि से प्रदेशभर में शीघ्र ही बनाये जाने वाले 17 एमएसएमई क्लस्टर का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया था।
ये भी पढ़े- Ujjain में बनेगा सर्वसुविधा युक्त महाकाल भक्त निवास, स्वागत से लेकर बैठक कक्ष तक सब कुछ रहेगा खास












Click it and Unblock the Notifications