Ujjain आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 'महाकाल लोक एक्सप्रेस' शुरू, नगर भ्रमण कराएगी नई बस
धार्मिक नगरी उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को अब बस की सुविधा भी प्राप्त हो सकेगी, जहां गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने उज्जैन दर्शन के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस उज्जैन के सभी धार्मिक स्थलों का दर्शन श्रद्धालुओं को कराएगी, जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को इसका विशेष लाभ मिल सकेगा।
धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल लोक एक्सप्रेस नाम से शुरु हुई बस सेवा श्रद्धालुओं को उज्जैन दर्शन कराएगी, जहां यह बस सेवा नानाखेड़ा और देवास गेट बस स्टैंड से मिलेगी। पहले चरण में कुल 4 बसों को शुरू किया गया है, जहां यह चारों ही बस श्रद्धालुओं को उज्जैन नगर का भ्रमण कराएगी। वहीं इस बस सेवा के शुरू हो जाने से श्रद्धालुओं को अच्छी परिवहन सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

कुछ इस तरह हुआ शुभारंभ
धार्मिक नगरी उज्जैन में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उज्जैन शहर में देव दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिये उज्जैन नगर पालिक निगम द्वारा बस वाहन सेवा चलाई जाएगी। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, महापौर मुकेश टटवाल, जगदीश अग्रवाल आदि ने बसों को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त रोशन सिंह, पार्षदगणों में रजत मेहता, शिवेन्द्र तिवारी, दुर्गा शक्तिसिंह चौधरी, डॉ. योगेश्वरी राठौर आदि उपस्थित थे।
सावन को लेकर तैयारियां शुरू
उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भादौ मास 4 जुलाई 2023 से प्रारंभ होकर 11 सितम्बर 2023 तक मनाया जाएगा। हाल ही में आयोजित बैठक में बताया गया कि, इस बार अधिकमास होने के कारण भगवान महाकालेश्वर की 10 सवारियाँ निकाली जायेंगी। आगामी 10 जुलाई को श्रावण मास की प्रथम सवारी निकाली जायेगी। आगामी 21 अगस्त सोमवार को नागपंचमी पर्व भी रहेगा तथा सवारी भी निकाली जायेगी और 11 सितम्बर को शाही सवारी निकाली जायेगी। बैठक में जानकारी दी गई कि श्रावण-भादौ मास में भगवान महाकालेश्वर की भस्मार्ती 4 जुलाई 2023 से 11 सितम्बर 2023 तक प्रात: कालीन पट खुलने का समय प्रात: 3 बजे होगा तथा प्रत्येक सोमवार प्रात: 2.30 बजे होगा। भस्मार्ती के दौरान कार्तिकेय मण्डपम् की अंतिम 3 पंक्तियों से श्रद्धालुओं के लिये चलित भस्मार्ती दर्शन व्यवस्था की जायेगी ताकि अधिक से अधिक लोगों को दर्शन हो सके।
ये भी पढ़े- Ujjain news: बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन का खास प्लान तैयार, क्या कुछ सावधानियां रखनी होंगी, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications