मौसी से शादी करने को अड़ी भांजी, पुलिस से बोली- पति पत्नी की तरह रहना चाहती हूं साथ, परिवार ने जताया एतराज
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया है। यहां एक मौसी और भांजी एक दूसरे के प्यार में पड़ गईं हैं। दोनों एक-दूसरे से शादी करके पति-पत्नी की तरह जीवन गुजारना चाहती हैं। हालांकि, दोनों के रिश्ते से परिवार को एतराज है। मामला थाने पहुंचा, जहां मौसी और भांजी ने पुलिस से गुहार लगाई। परिजन भी थाने पहुंच गए। काफी देर तक हंगामे के बाद सभी को घर भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं और अपना निर्णय स्वयं ले सकती हैं।

मौसी-भांजी आपस में करना चाहती हैं शादी
मामला माधव नगर थाना क्षेत्र का है। थाने पहुंची दो युवतियां आपस में समलैंगिक विवाह करने के लिए पुलिस से गुहार लगाने पहुंचीं। युवतियों ने बताया कि वह दोनों आपस में मर्जी से विवाह करना चाहती हैं, लेकिन दोनों को एक दूसरे के परिजनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। रिश्ते में दोनों का आपस में मौसी व भांजी का संबंध है। युवतियों ने कहा कि वह पति-पत्नी की तरह साथ रहना चाहती हैं, लेकिन परिजन इसका विरोध कर रहे हैं। युवतियों ने पुलिस और परिजनों से गुहार लगाई कि उन्हें साथ रहने दें।

पुलिस ने कहा- दो बालिग हैं, अपना निर्णय स्वयं ले सकती हैं
सीएससी रविंद्र वर्मा ने बताया कि दो युवतियां थाने पहुंची थीं। दोनों ने आपसी सहमति से एक साथ पति-पत्नी के रूप में रहने का निर्णय लिया है। उनके इस निर्णय से परिजन राजी नहीं हैं। परिजनों का आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ इंदौर ले गई थी। इसी मामले को लेकर उज्जैन के माधव नगर थाने पर परिजन और दोनों युवतियों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। हंगामे के दौरान नानी और युवती थाने में बेहोश हो गई। काफी देर चले हंगामे के बाद उज्जैन निवासी युवती को परिजन थाने से साथ लेकर घर चले गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग होने के कारण अपना निर्णय स्वयं ले सकती हैं।

प्रयागराज में दो सहेलियों के शादी करने का मामला
बता दें, बीते दिनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दो सहेलियों के शादी करने का मामला सामने आया था। मंदिर में विवाह करने के बाद दोनों सहेलियां कोर्ट मैरिज के लिए भी पहुंची थीं, जहां किसी तरह समझा-बुझाकर उन्हें अपने-अपने घर भेज दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications