उज्जैन: भादौ माह के सोमवार पर निकली बाबा महाकाल की सवारी, रामघाट पर हुआ पूजन-अर्चन
उज्जैन, 15 अगस्त: श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी के क्रम में पांचवी सवारी निकाली गई। भगवान चंद्रमौलेश्वर पालकी में सवार होकर प्रजा को दर्शन देने के लिये निकले। सवारी निकलने के पहले सभा मण्डप में भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि मौजूद थे। भगवान महाकालेश्वर की सवारी ठीक 4 बजे सभा मण्डप से बाहर आई। जैसे ही सवारी मन्दिर के बाहर पहुंची, तोपों की सलामी व पुलिस बल की टुकड़ी द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद परम्परागत मार्ग से होते हुए सवारी रामघाट पहुंची।

रामघाट पर हुआ पूजन-अर्चन
रामघाट पर भगवान चंद्रमौलेश्वर का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया गया। पूजन-अर्चन पुजारियों के दल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि मौजूद थे। पूजन-अर्चन के बाद रामघाट से सवारी परम्परागत मार्ग से होते हुए शहर भ्रमण के लिये निकली। स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व होने के चलते सवारी मार्ग तिरंगे रंग से रंगा नजर आ रहा था, तो वहीं क्षिप्रा नदी में चलने वाली नाव पर भी तिरंगे नजर आ रहे थे।
भक्तों ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
भादौ माह के पहले सोमवार पर भगवान भोलेनाथ के भक्तों में हर्षोल्लास नजर आया, जहां भक्त भगवान भोलेनाथ के मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर रहे हैं, तो वहीं रिमझिम फुहारों के बीच भादौ माह के पहले सोमवार पर धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने मिल रही है। राजाधिराज भगवान महाकालेश्वर का आकर्षक श्रृंगार भादौ के पहले सोमवार पर किया गया है। सबसे पहले सुबह 4 बजे बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई, जिसके बाद भगवान महाकालेश्वर का श्रृंगार हुआ। भादौ माह के पहले सोमवार पर भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन पाने मंदिर पहुंचे। वहीं अब आने वाले भादौ माह के दूसरे सोमवार पर बाबा महाकाल की शाही सवारी निकाली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications