उदयपुर में स्कूटी पर जा रहे पति-पत्नी पर अचानक गिरा पीपल का पेड़, पति की मौत
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर के भूपालपुरा पुलिस थाना इलाके में दर्दनाक हादसा हुआ है। बीच सड़क पर पति पत्नी का साथ हमेशा के लिए छूट गया। दोनों स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में इन पर अचानक एक पीपल का पेड़ गिर गया। पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

ससुराल से बुगाटी लौट रहे थे
भूपालपुरा थानाधिकारी संजय शर्मा के अनुसार बुगाटी निवासी शाहिद अपनी पत्नी आसमा के साथ स्कूटी पर सवार होकर अलीपुरा स्थित अपने ससुराल आए थे। पति-पत्नी शनिवार शाम को वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में मठ इलाके में सड़क किनारे चबूतरे पर खड़ा पीपल का पेड़ चलती स्कूटी पर गिर गया। पति-पत्नी उसकी चपेट में आ गए। पति शाहिद ने मौके पर दम तोड़ दिया।

पत्नी के सिर में चोट
आसमा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में चोट आई है। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। आसपास के लोगों ने पीपल के पेड़ के नीचे दबे पति-पत्नी को बाहर निकाला और उन्हें नजदीक के निजी अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया। हालांकि हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद निगम के उपमहापौर पारस सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं, निगम का अग्निशमन दस्ता भी घटनास्थल पर आया और रास्ते में गिरे पेड़ को हटाया साथ ही पीपल के पेड़ की छंटनी भी की।

सूरजपोल दरवाजा उदयपुर
उधर, उदयपुर का ऐतिहासिक सूरजपोल दरवाजे का एक भाग अचानक गिर गया। सूरजपोल गेट के पास स्मार्ट सिटी के तहत कार्य चल रहा था, उस दौरान इस ऐतिहासिक दरवाजे में अचानक से दरार आ गई और उसका एक भाग गिर गया। दरवाजे के गिरने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो प्रशासन भी इसे लेकर हरकत में आया।

स्मार्ट सिटी बन रहा उदयपुर
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुन: हैरिटेज एक्सपर्ट की निगरानी में इसे बनाने का कार्य शुरू कर दिया। वहीं, लोगों की आवाजाही उस इलाके में रोकी गई है। स्मार्ट सिटी के तहत भी हैरिटेज भवनों को संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा हैं। ऐसे में करीब ढाई सौ साल पुराना यह हैरिटेज दरवाजा ही स्मार्ट सिटी के कार्य की भेंट चढ गया तो सवाल उठने लाजमी थे।












Click it and Unblock the Notifications