Love Jihad Rajasthan : इंदौर से उदयपुर आई युवती कैब ड्राइवर शाहरुख को दिल दे बैठी, पत्नी के फोन से खुला राज
Love Jihad Rajasthan : राजस्थान के उदयपुर शहर में कथित तौर पर लव जिहाद का मामला सामने आया है। लव जिहाद का शिकार हुई युवती मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली है। उसने उदयपुर के राजू उर्फ शाहरुख के खिलाफ इंदौर के शिप्रा पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। लव मैरिज के बाद युवती को पता चला कि जिसे वह राजू उर्फ राजकुमार समझ रही थी वो शादीशुदा दो बच्चों का पिता शाहरुख निकला।

जानकारी के अनुसार इंदौर की युवती अपनी सहेली के साथ राजस्थान के उदयपुर आई थी। यहां उसे एक होटल में जॉब मिला। वह होटल में हाउस कीपिंग का काम करती थी। उसने उदयपुर रेलवे स्टेशन से होटल जाने के लिए ऑनलाइन कैब बुक की थी। फिर कैब के चालक से उसकी दोस्ती हो गई। चालक ने उसे अपना नाम राजू उर्फ राजकुमार बताया। बातें और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। फिर पांच माह पहले ही दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और साथ रहने लगे।
अपनी रिपोर्ट में युवती ने बताया कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, मगर दिवाली के मौके पर एक दिन शाहरुख के मोबाइल पर उसकी पहली पत्नी का कॉल आया। कॉल युवती ने उठाया था। तब पता चला कि फोन उसकी पत्नी ने किया था। पत्नी ने ही उसे बताया कि राजू का असली नाम शाहरुख है। वह दो बच्चों का पिता है। इसके बाद युवती ने राजू की आईडी चेक की तो पूरा राज खुल गया।
राज खुल जाने पर शाहरुख युवती पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने लगा। इस पर युवती ने इंदौर जाकर अपने परिजनों को सारी आपबीती बताई। पुलिस के कहने पर युवती ने कॉल कर शाहरुख को परिवार से बातचीत करने के लिए उदयपुर से इंदौर बुलाया, जहां पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले में लव जिहाद जैसा स्पष्ट तौर पर कुछ सामने नहीं आया है, मगर पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications