राजस्थान के उदयपुर में घर ढहा, 6 साल की बच्ची और बुजुर्ग महिला की मौत
राजस्थान के उदयपुर में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक घर ढह गया है, जिसके नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक महिला इस हादसे में घायल हो गई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर राहत और बचाव का कार्य जारी है।
उदयपुर के एसपी भूवन भूषण यादव ने बताया कि इस हादसे में 6 साल की एक बच्ची की मौत हो गई है। इसके साथ ही एक बुजुर्ग महिला की भी घर ढहने से मौत हो गई और एक महिला घायल हुई है। यह बिल्डिंग काफी पुरानी थी, आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ताजा जानकारी के अनुसार खराब मौसम की वजह से इस घर की दीवार काफी कमजोर हो गई और यह ढह गई, जिसके नीचे दबने से तीन लोग घायल हो गए, जिसमे से दो की मौत हो गई और एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। गौर करने वाली बात है कि देश के कई हिस्सों में बारिश की वजह से लोगों का आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
असम में लगातार बारिश की वजह से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात है। लोगों को यहां सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र में भी बारिश की वजह से कई जिलो में जलभराव की स्थिति है। मुंबई के घाटकोपर में भी जलभराव की वजह से कुछ लोग यहां फंस गए थे, जिन्हें बाद में रेस्क्यू करके निकाला गया।
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी जलभराव की वजह से एक महिला की बिजली के खंबे से करंट लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद इस पूरे मामले में लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications