पूर्व गृहमंत्री कटारिया ने पहले हिन्दू लड़कियों के भागने, अब बच्चे पैदा करने पर दिया विवादित बयान
Recommended Video

Udaipur News, उदयपुर। राजस्थान के पूर्व गृहमंत्री व दिग्गज भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया इन दिनों हिन्दू-मुस्लिम का नाम लिए बगैर लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। महज 12 दिन में ही कटारिया के दो विवादित बयान सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं। पहले उन्होंने हिन्दू लड़कियां पंक्चर वालों के साथ भागने का बयान देकर लव जिहाद पर निशाना साधा था। वहीं, अब कटारिया ने सिर्फ दो ही बच्चे पैदा करने का फॉर्मूला सभी धर्मों पर लागू करने की बात को लेकर विवादित बयान दिया है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 से पहले दो बच्चों की नीति को लेकर राजस्थान में सियासत एक बार फिर शुरू हो गई है। 20 जनवरी को उदयपुर पहुंचे राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने दो बच्चों की सरकार की नीति पर विवादित बयान दिया है।
दूसरे समुदाय के लोग पैदा कर रहे ज्यादा संतान
Gulab Chand Kataria ने दो बच्चों की नीति पर सवाल उठाया और कहा कि हिंदुओं पर ही सिर्फ 2 बच्चे पैदा करने की पाबंदी क्यों है, जबकि दूसरे समुदाय के लोग दो से ज्यादा संतान पैदा करते हैं। कटारिया ने समुदाय विशेष का नाम लिए बगैर ये बयान देकर साफ कर दिया कि वो आम चुनाव 2019 (Loksabha election 2019 ) में बीजेपी के हिंदुत्व वाले एजेंडे के साथ फिर से मैदान में होंगे। हालांकि एक और दिलचस्प बात इस मामले में ये भी सामने आई है कि उदयपुर जिले के 8 विधायकों में से कई विधायकों के दो से ज्यादा संतान हैं। यहां तक कि खुद गुलाब चंद कटारिया की 5 बेटियां हैं। इसके अलावा ऐसे भी कई विधायक हैं जिनके 8-8 संतान हैं।
पंक्चर वालों के साथ भाग रहीं हिन्दू लड़कियां
8 जनवरी को पूर्व गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया का एक वीडियो वायरल हुआ था, वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के अडिंदा में हुए भाजपा सम्मेलन का बताया जा रहा है। उस वीडियो में कटारिया ने लव जिहाद पर विवादित बयान दिया था। कटारिया ने कहा कि देश में लव जिहाद बढ़ रहा है। क्या है ये लव जिहाद...सारी हिन्दू लड़कियां पंक्चर निकालने वालों के साथ ही क्यों भाग रही है। अब भी समय है समझ जाओ। समय निकल जाएगा तो खूब पछताओगे...। कटारिया का यह बयान भी खूब वायरल हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications