आठवीं प्री बोर्ड परीक्षा में नकल के शक में पिता ने बेटी को मारा थप्पड़, घर आते ही हो गई मौत
उदयपुर, 24 फरवरी। राजस्थान के उदयपुर में अजीब मामला सामने आया है कि यहां पर आठवीं प्री बोर्ड परीक्षा में नकल के शक में पिता ने बेटी की पिटाई कर दी, जिससे कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। हर किसी को झकझोर देने वाला यह मामला उदयपुर जिले के बिछिवाड़ा इलाके का है। हेमराज की 13 वर्षीय बेटी अंजलि गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ती थी।

पिता भी इसी स्कूल में लाइब्रेरियन हैं। मंगलवार को हिंदी का पेपर था। इसी दौरान किसी बच्चे ने नकल का कागज अंजलि की तरफ फेंका। अंजलि उस कागज को उठाकर देखने लगी। टीचर ने उसे देख लिया। उन्हें लगा कि वह नकल कर रही है। टीचर ने उसके पिता को बुलाया। उन्होंने सभी के सामने बेटी को थप्पड़ मार दिया।
अंजलि पढ़ाई में काफी होशियार थी। भरी क्लास में बेटी पर नकल का आरोप लगा तो पिता काे यह सुनकर शर्म महसूस हुई। बेटी के पढ़ाई में होशियार होने के बाद भी नकल करने पर उन्हें गुस्सा आ गया था। वह खुद को रोक नहीं पाए और सभी के सामने ही अंजलि को थप्पड़ मार दिया।
घर आने के बाद अंजलि को होश नहीं आया तो परिजन घबरा गए। उसके नाक से खून बह रहा था। बेटी को वहां से नजदीकी गुजरात के ईडर अस्पताल में लेकर गए। इलाज के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई। हेमराज की एक ही बेटी थी। घर में अंजलि से छोटा एक बेटा है।












Click it and Unblock the Notifications