बुंदेलखंड के जंगल में लुट गया लाखों का टमाटर, जो जितना भर सका, उतना ले गया
टमाटर पर महंगाई क्या छाई, यह सोने-चांदी के जैसा हो गया। लोगों को मौका मिला तो टमाटर तक लूट लिए गए। पहले टमाटर से भरे वाहन को लूटा, फिर जंगल में पड़े करीब 6 क्विंटल टमाटर ग्रामीणों ने लूट लिए। आलम यह था कि पूरा गांव बोरियों, थैले, बाल्टियों में भरकर टमाटर उठा ले गए।

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ थाना इलाके के मजना चौकी गांव के ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से टमाटर को लूटने का मामला सामने आया है। दरअसल यहां गांव से सटे जंगल में कई क्विंटल टमाटर का ढेर लगा हुआ था। सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए गए तो टमाटर का ढेर देखकर हैरान रह गए। वापस लौटकर परिजन को बताया, आसपास के लोगों को बताया तो लोग बोरियां, थैले लेकर बाल्टी और टोकरी लेकर दौड़ पड़े।
किसी ने यह जानने का प्रयास नहीं किया टमाटर आया कहां से?
टमाटर के महंगे भाव और जंगल में करीब 6 क्विंटल टमाटर का ढेर देखकर ग्रामीणों में ऐसा लालच जागा कि जो जितना टमाटर भरकर ले जा सकता था, उसने उठाया। कई लोग तो परिजन को मोटर साइकल पर बिठाकर लाए और कई राउंट में बोरियां भरकर ले गए। किसी ने यह जानने या समझने की जहमत नहीं उठाई की आखिर जंगल में यह टमाटर आया कहां से है।
यूपी के ड्राइवर से टमाटर का वाहन लूटा गया था
आपको बताते चलें कि यह टमाटर और कहीं से नहीं बल्कि टीकमगढ़ जिले में ही दो दिन पहले यूपी के देवरिया से टमाटर लेने टीकमगढ़ आए ड्राइवर सिकंदर खान निवासी हमीरपुर से लूटे गए वाहन में भरा था। दो दिन पहले वह वाहन क्रमांक यूपी टी 8945 में टीकमगढ़ से टमाटर के करीब 110 कैरेट भरकर निकला था, रास्ते में उससे अज्ञात बदमाशों ने रौरई गांव के पास वाहन लूट लिया था। यह वही टमाटर था, जिसे बदमाशों ने जंगल में फेंक दिया था। फिलहाल मजना चौकी गांव में टमाटर की लूट की जानकारी लगते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और ग्रामीणों को बताया कि यह टमाटर जिसकी वे लूट मचाए हैं वह लूटे हुए वाहन का ही है।












Click it and Unblock the Notifications