छेड़खानी की शिकायत करने पर तीन युवकों ने छात्रा को पिलाया जहर, मौत
Bijnor News, बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में छेड़छाड़ की शिकायत करने से गुस्साए तीन युवकों ने एक छात्रा को जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक के परिजनों को धमकी देते हुए मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

मामला बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां 9वीं की छात्रा को गांव के ही तीन लड़के स्कूल जाते समय छेड़खानी करते थे। इस बात की शिकायत छात्रा ने अपने परिजनों से की। जिसके बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने आरोपियों के परिजनों से शिकायत की। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। इसके बाद से तीनों आरोपी उसके परिवार से रंजिश रखने लगे थे। बुधवार को घर में छात्रा अपने घर पर अकेली थी। इसी बीच तीनों आरोपी घर में दाखिल हुए। तीनों आरोपियों ने छात्रा को दबोच लिया और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। लेकिन तभी छात्रा का पिता मौके पर पहुंच गया तो तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। लेकिन जाने से पहले आरोपी किशोर पुलिस को जानकारी देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए।

छात्रा के पिता का कहना है कि डिब्बे में जहरीला पदार्थ था, जिसके पीने के कुछ देर बाद ही छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना पर सीओ सिटी अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ के अनुसार परिजनों ने तहरीर में बताया है कि किशोरी घर पर अकेली थी, आरोपी घर में आए और उसे जहर पिलाकर भाग गए। एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को पकड़ा गया है। अभी एक आरोपी फरार है जिसे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: खून से रंगे हाथों से बाइक लेकर पहुंचा थाने जीजा, कहा- हत्या करके आया हूं












Click it and Unblock the Notifications