Video: केरल में खराब सड़क के खिलाफ युवक का अनोखा प्रदर्शन, विधायक के सामने गड्ढे में किया योग
कोच्चि, 10 अगस्त। केरल में खराब सड़कों से आजिज आकर एक व्यक्ति ने इसके विरोध का अनोखा तरीका ढूंढ़ निकाला है। दरअसल सड़क पर गड्ढे में भरे पानी के बीच में बैठकर एक व्यक्ति ने योग किया, जिसकी वजह से प्रशासन को एक्शन में आना पड़ा। इस व्यक्ति ने ना सिर्फ सड़क पर बैठकर योग किया बल्कि स्नान किया। युवक ने स्थानीय विधायक के सामने ही सड़क पर गड्ढे में भरे पानी में बैठकर योग किया और नहाने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है जोकि काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बरसात के पानी से गड्ढे में पानी भर गया है, प्रदर्शनकारी व्यक्ति ने इसी पानी में अपने कपड़े धोए।

जिस व्यक्ति ने यह अनोखा विरोध किया उसका नाम हमजा पोराली है। हमजा ने स्थानीय विधायक यूए लतीफ के सामने गड्ढे में भरे पानी में योग किया। जब विधायक की कार यहां पहुंची तो हमजा ने ध्यान करना शुरू कर दिया। यही नहीं विधायक सामने ही युवक खड़े होकर योग करने लगता है। बता दें कि केरल में पिछले कुछ हफ्तों में हुई भारी बारिश की वजह से सड़कों की हालत काफी खराब हो गई है, जिसके खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया था, लेकिन इन लोगों के प्रदर्शन पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
खराब सड़क की वजह से 52 साल के एक व्यक्ति की जान चली गई। यह व्यक्ति एर्नाकुलम स्थित नेशनल हाईवे पर गड्ढे में गिर गया था, जिसके बाद उसके ऊपर एक ट्रक चढ़ गई और व्यक्ति की मौत हो गई। जिसके बाद केरल हाई कोर्ट ने नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को तत्काल सड़कों को ठीक करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि बिना किसी देरी के एक हफ्ते के भीतर सड़क को ठीक किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications