केरल में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने संपूर्ण लॉकडाउन लगाने से किया इनकार, कहा- हम सख्ती करेंगे
तिरुवनन्तपुरम। देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन को लगाने से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में अभी किसी तरह का कोई लॉकडाउन नहीं लगने जा रहा है, हम लोगों को कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं। आपको बता दें कि केरल में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर केरल में कोरोना के 19,577 मामले सामने आए हैं, जो कि अभी तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस स्थिति में माना जा रहा था कि केरल सरकार संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर सकती है।

केरल के इस जिले में लगा है 7 दिन का लॉकडाउन
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने भले ही पूरे केरल में लॉकडाउन लगाने से इनकार कर दिया हो, लेकिन एर्नाकुलम जिले में प्रशासन ने 7 दिनों का लॉकडाउन लगाया हुआ है। जिला कलेक्टर एस सुहास ने बुधवार को जिले में सभी रोकथाम क्षेत्रों में लॉकडाउन की घोषणा की है। बुधवार को शाम 6 बजे से लेकर अगले 7 दिनों के लिए ये लॉकडाउन लागू रहेगा। वहीं दूसरी तरफ राज्य में सरकार की तरफ से संक्रमण को कम करने के लिए नाइट कर्फ्यू जरूर लगाया हुआ है, जिसकी शुरुआत आज रात 9 बजे से होगी और सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।
यूपी और महाराष्ट्र की सरकारें भी लॉकडाउन से कर चुकी हैं इनकार
आपको बता दें कि केरल के अलावा अभी तक महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी संपूर्ण लॉकडाउन लगाने से इनकार कर दिया है, जबकि इन दोनों ही राज्यों में कोरोना से स्थिति बहुत भयावह है। एक तरह महाराष्ट्र में रोजाना 50 से 60 हजार के उपर केस आ रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ यूपी में भी आंकड़ा 30 हजार के कभी करीब तो कभी पार जा रहा है। महाराष्ट्र में संपूर्ण लॉकडाउन पर राज्य सरकार में सहमति नहीं बन पा रही है तो वहीं यूपी में सीएम योगी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद भी लॉकडाउन लगाने से इनकार कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications