गुजरात: व्यापारी ने अपने घर में ही बना रखा था ‘बार', जुएबाजों के लिए मंगवाता था ब्रांडेड शराब
सूरत। ऑनलाइन जुआ खेलने के नेटवर्क से जुड़े वेसू के एक व्यापारी ने अपने घर में ही "बार" बना रखा था। जिसके लिए वह कई तरह की ब्रांडेड शराब मंगवाता था। महंगी बोतलें वह दिल्ली के एक युवक से मंगवाता था। पता चला है कि, उसने राजस्थान के बीकानेर निवासी बुकी सुरेश से मास्टर आईडी ले रखी थी। जिसके जरिए वह अपनी क्लाइंट आइडी पर एक प्वाइंट के एक रुपए के हिसाब से तीन पत्ती यानी कि ताश के पत्तों वाला गेम, फुटबॉल, कैसिनो, ड्रैगन फिशिंग, क्रिकेट आदि जुए के गेम खिलवाता था।

पुलिस को सूचना मिली तो छापा मारा गया। पीसीबी पुलिस ने उसके घर से शराब की 35 बोतलें बरामद कीं। साथ ही उसे गिरफ्तार भी कर लिया। एक पुलिस अधिकारी बरामद शराब की कीमत 49 हजार 403 रुपए बताई। उन्होंने कहा कि, हमें सूचना मिली थी कि वेसू सुकुन रेजिडेंसी निवासी मुकेश जैन (35) ऑनलाइन जुआ खिलवाने के नेटवर्क से जुड़ा है। छापा मारा गया तो उसके कब्जे से मंहगा फोन बरामद हुआ। जिसके जरिए वह अपना जुए का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली तो अलग-अलग किस्म की अंग्रेजी शराब की 35 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस की पूछताछ में मुकेश बोला- ''मैं शराब बेचने के लिए घर में नहीं रखता, बल्कि मुझे शराब की लत है। मैं रोज खुद ही एक-आध पैग मार लेता था। अपने लिए दिल्ली के सन्नी नाम के युवक से ब्रांडेड शराब मंगवता था।'' मुकेशन ये भी बताया कि, सन्नी नाम का वह युवक दिल्ली से ट्रेन में शराब सूरत लाता था। वह यहां डिलीवरी कर लौट जाता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर सन्नी को वांछित घोषित किया है। वहीं, मुकेश के बारे में बताया है कि, वह मूलत: राजस्थान के बीकानेर जिले के गंगाशहर का निवासी है और सूरत में प्लास्टिक बैग का कारखाना चलाता है।












Click it and Unblock the Notifications