पेट्रोल चुराते पकड़ा युवक, बोला- साहब मैं मोबाइल चोर हूं! उन लोगों पर केस करें, जिन्होंने मेरे हाथ-पैर तोड़ दिए हैं
Gujarat News in Hindi, सूरत। गुजरात में सूरत के कतारगाम में स्थानीय लोगों ने एक चोर को पेट्रोल चोरी करते हुए देखा। जान बचाने के लिए वह इधर-उधर भागने लगा। लोगों ने दौड़ाया तो छत पर चढ़ गया। मगर, स्वयं को घिरता देख वह नीचे कूद पड़ा। जिससे उसके हाथ-पांव टूट गए। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसे स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने पुलिस से कहा कि साहब चोर तो हूं! मोबाइल चुराता था और गाड़ी का पेट्रोल खत्म होने के बाद पेट्रोल भी। मगर, इस बार घिर गया तो लोगों ने बुरी तरह पीटा, मेरे हाथ-पैर टूट गए हैं।

अज्ञात लोगों के खिलाफ चोर को पीटने का मामला दर्ज
चोर की बात सुनकर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ उसे पीटने की शिकायत दर्ज कर ली। पुलिस पहले चोर के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कर रही थी, हालांकि बाद में लोगों के दवाब में कई घंटे बाद चोर पर केस दर्ज किया। उसके खिलाफ 2 मामले दर्ज किए। जांच अधिकारी एमवी चावड़ा ने बताया कि चोर के पास से 6 मोबाइल मिले हैं। 1 मोबाइल उसके मालिक को लौटा दिया गया। बहरहाल, आरोपी के हाथ-पैर दोनों टूट गए हैं और सिर पर करीब 10 टांके लगे हैं। ठीक होते ही उस पर कार्रवाई होगी।'
राजस्थान से गुजरात आया था चोरी करने
चोर ने अपना नाम कमलेश चावड़ा बताया। उसने कहा कि मैं 2 साल पहले वेटर का काम करता था। 6 महीने पहले राजस्थान से गुजरात आया था। पहले मैंने कतारगाम के कांतेश्वर महादेव मंदिर के पास से एक बाइक चुराई, फिर रात में छत पर सोने वालों के 3 मोबाइल भी चुराए। बीते सोमवार की रात मैं फिर मोबाइल चोरी करने निकला। मैंने पाया कि बाइक में पेट्रोल भी कम बचा था, इसलिए पेट्रोल भी चुरा रहा था। मगर, लोगों ने मुझे पकड़कर बहुत पीटा, इसलिए केस दर्ज करा रहा हूं। मोबाइल चुरा तो लेता हूं, लेकिन उन्हें बेच नहीं पाता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications