Surat : आग इतनी भीषण कि बुझाने में 6 घंटे लग गए, मोबाइल पर घंटी दे-देकर हुई शवों की शिनाख्त
Gujarat News, गांधीनगर। गुजरात सूरत के सरथाणा जकातनाका स्थित कोचिंग सेंटर 'तक्षशिला आर्केड' में लगी आग में छात्र-छात्राओं समेत 23 लोगों की मौत हो चुकी है। यह अग्निकांड इतना भयानक था कि उससे जान बचाने के लिए स्टूडेंट झुलसते हुए बिल्डिंग से गिर रहे थे। 13 स्टूडेंट तो तीसरी-चौथी मंजिल से नीचे कूदे। मगर जिस तरह मृतक झुलसे, उनके परिजनों का उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो गया। परिजनों ने घड़ी से और मोबाइल पर घंटी दे-देकर अपनों की शिनाख्त की। कई तो घंटों तक भटकते रहे। यह हादसा गुरुवार दोपहर 3:40 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। आग को बुझाने में करीब 6 घंटे का समय लगा।

फायर ब्रिगेड को पहुंचने में 45 मिनट लगे
आग के इस हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस हादसे की सूचना दिए जाने के बाद 45 मिनट तो फायर ट्रेंडर को पहुंचने में लग गए। वहीं, इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वे खुद अस्पताल में घायलों को देखने पहुंचे। मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए आर्थिक मदद की घोषणा कर दी गई। साथ ही सरकार ने साफ किया कि अब सभी सरकारी और निजी स्कूलों और ट्यूशन कक्षाओं में अग्नि सुरक्षा मानदंडों की जांच होगी। जिन बिल्डिंग्स में फायर सेफ्टी सुविधा नहीं होगी, उन्हें सील कर दिया जाएगा।

जब आग लगी तो अंदर थे 15 से 22 की उम्र के 60 स्टूडेंट
चश्मदीदों के मुताबिक, बिल्डिंग में आग के हादसे के वक्त 60 स्टूडेंट अलग-अलग क्लासेज में मौजूद थे। ज्यादातर की उम्र 15 से 22 की होगी। ये लोग दूसरी, तीसरी और मंजिल पर चलने वाली आर्ट-हॉबीज क्लासेज अटेंड कर रहे थे। आग की लपटें देख वे सभी जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। कुछ ने तीसरी और चौथी मंजिल से कूदना शुरू कर दिया। इसी दौरान कई झुलस गए और कुछ के हाथ-पैर टूट गए। कूदने वाले भी कई बच्चों की मौत हो गई।
बता दें कि तक्षशिला कॉम्प्लेक्स नामक यह बिल्डिंग मुंबई-अहमदाबाद हाइवे के पास सरथना इलाके में स्थित है। इसके पास ही में कई दुकानें और कोचिंग सेंटर्स हैं।

पीएम ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड पर दुख जताते हुए कहा, 'सूरत में आग की घटना से बेहद व्यथित हूं। मेरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''












Click it and Unblock the Notifications