सूरत में हत्थे चढ़ा मोस्ट वांटेड नक्सली, आर्मी के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट बनाने वाली कंपनी में ही कर रहा था नौकरी
सूरत। गुजरात पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। यहां सूरत में एक मोस्ट वांटेड नक्सली गिरफ्तार कर लिया गया। झारखंड का वांटेड नक्सली अनिरुद्ध सिंह उर्फ गुड्डू गुजरात में रहकर ही आर्मी के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट बनाने वाली कंपनी में 3 साल से नौकरी कर रहा था। गुड्डू सूरत के कोसंबा इंडस्ट्रियल एरिया के पुलिस स्टेशन के पास ही पत्नी और 2 बच्चों से साथ रहा था। वह यहां कोसंबा स्थित एक टैक्सटाइल फैक्ट्री में बतौर मशीन मैकेनिक काम कर रहा था। बताया जाता है कि, इसी कंपनी में उसे तीन साल हो गए। जबकि, पुलिस उसे अन्य स्थानों पर खोज रही थी।

पुलिस के अनुसार, अनिरुद्ध सिंह उर्फ गुड्डू हत्या, अपहरण एवं शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक से संबंधित गुनाहों जैसे 6 मामलों में वांछित था। ये सभी मामले 2011 और 2013 के हैं। तब से ही उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि, झारखंड में वांटेड घोषित होने के बाद गुड्डू भागकर गुजरात आ गया था। गुजरात में उसने सूरत को रहने के लिए चुना। इसके लिए उसने परिमल प्रतापसिंह नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा लिया था। इसी आधार कार्ड के जरिए वह छोटी-मोटी जगह नौकरी पा लेता था। पिछले तीन सालों से वह यहां टेक्सटाइल फैक्ट्री में मशीन मैन के रूप में काम कर रहा था।
अनिरुद्ध सिंह उर्फ गुड्डू के बारे में झारखंड पुलिस का रिकॉर्ड बताता है कि, वह झारखंड में पलामू जिले के कोरमी गांव का निवासी है। मगर, वह सैकड़ों कोस दूर सूरत में कोसंबा के पुलिस स्टेशन के पास ही पत्नी और दो बच्चों से साथ रहा था। सूरत की जिस फैक्ट्री में वह नौकरी करते पकड़ा गया है, वहां सेना के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट, हेल्मेट व पैराशूट वाला कपड़ा तैयार होता है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।