राजस्थान से गुजरात पहुंची गुर्जर आंदोलन की आंच, सूरत में 'हाइवे जाम कर रेल रोको' चेतावनी
सूरत। आरक्षण की मांग को लेकर राजस्थान में चल रहे गुर्जर समाज के आंदोलन का असर गुजरात में भी दिख रहा है। गुर्जर समाज की समिति एवं उसके पदाधिकारियों ने अब यहां भी हाइवे जाम करने और रेल रोकने की चेतावनी दे डाली है। अखिल भारतीय गुर्जर देवसेना की ओर से सूरत जिला के कलक्टर डॉ. धवल पटेल से भेंट की गई। जहां कलक्टर को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन पत्र सौंपते हुए गुर्जरों ने कहा कि, हमारी मांग नही मानी गई तो यहां भी हाइवे जाम कर 'रेल रोको' आंदोलन करेंगे।

गुजरात में भी आंदोलन की चेतावनी
मालूम हो कि, गुर्जर आंदोलन के चलते ही राजस्थान भर में रेल समेत यातायात की अन्य सुविधा बाधित हुई है। यहां विभिन्न पटरियों से जाने वाली रेलों के रूट बदलने पड़े हैं। गुर्जर समाज के पदाधिकारियों का कहना है इस बार आरक्षण लेकर रहेंगे। सूरत की ही बात की जाए तो यहां कलेक्टर के समक्ष आवेदन के जरिये लोगों ने कहा कि, हमारा समाज लम्बे समय से अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत है। पिछले आंदोलनों के दौरान समय समय पर सरकार के साथ हुए समझौते की पूर्णरूप से पालना नहीं होने से ओबीसी वर्ग तथा समाज में काफी आक्रोश है। ऐसे में यदि अभी भी मांग नहीं मानी गईं तो सूरत के हाइवे जाम कर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।

यह हैं गुर्जर समाज की मांगें
गुर्जर समाज के पदाधिकारियों द्वारा आवेदन में ओबीसी वर्ग आरक्षण को सविंधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने, ओबीसी कोटे से भर्ती हुए 1252 कर्मचारियों को नियमित करने, आंदोलन में शहीदों के परिवार को नौकरी और मुआवजा देने की मांग की गई हैं। गुर्जरों के नेता कह रहे हैं कि, जिस प्रकार राजस्थान में आंदोलन किया जा रहा है, उसी तरह सूरत में भी किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी करने पर काम किया जाए, वरना रेल रोक दी जाएंगी।' इस प्रकार आरक्षण के मुद्दे को लेकर गुर्जर समाज द्वारा राजस्थान में जारी आंदोलन की आंच सूरत तक पहुंच चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications