55 वर्षीय नाना 13 साल की किशोरी से करता था दुष्कर्म, प्रेग्नेंट हुई तो डॉक्टर ने कराया गिरफ्तार
सूरत। 55 साल का एक अधेड़ 13 साल की किशोरी को हवस का शिकार बनाता था। किशोरी जब गर्भवती हुई, तो उस अधेड़ के कृत्य के बारे में लोगों को पता चला। रिश्ते में वह किशोरी का दूर का नाना था। किशोरी उसकी दोहित्री (धेवती) लगती है और नाना ही बुलाती है। वह उसे रुपए देकर बहलाता-फुसलाता था और तब कुकर्म करता था।

55 साल का नाना करता था दुष्कर्म
किशोरी दुखी रहती थी। एक रोज उसकी तबियत बिगड़ गई, परिजन उसे निकट के निजी अस्पताल में ले गए। वहां जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। उसे डेढ़ माह का गर्भ होने की बात सामने आने पर चिकित्सक ने गुरुवार शाम पुलिस को खबर की। पुलिस ने देर रात पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी नाना के खिलाफ मामला दर्ज कर किया। एक जगह से उसे गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों ने किया मामले को दबाने का प्रयास
पुलिस ने बताया कि, परिजन इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, चिकित्सक ने ऐसा नहीं होने दिया। उक्त किशोरी के बारे में खुद परिजनों ने पुलिस को खबर नहीं की। जब पुलिस को इस बारे में सूचना मिली तो पीड़ित किशोरी से पूछताछ की। वह भी बताने से डर रही थी। करीब छह घंटे तक उसकी काउंसलिंग करने पर असलियत सामने आई।

पुलिस ने पीड़िता से 6 घंटे पूछा तब बताई आपबीती
पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में पुलिस को विस्तार से बताया। निरीक्षक वी.यू. गडरिया ने कहा कि, वह 9वीं में पढ़ती है। बलात्कार करने वाला 55 वर्षीय राजहंस (बदला हुआ नाम) उसका दूर का नाना है, जो मूलत: बिहार का निवासी है और सूरत में आटा पीसने की चक्की चलता है। शादीशुदा राजहंस के पीड़िता की उम्र के तो नाती-पोते भी हैं। फिर भी वह हवस में अंधा और हैवान बन बैठा।

डॉक्टर ने ही दी थी सूचना
राजहंस का घर किशोरी के आस-पास होने के कारण आना-जाना भी होता था। ऐसे में चाल-चलन की वजह से किसी को शक नहीं होता था। उसने कई बार रेप किया। किशोरी गर्भवती हो गई। वह परिजनों को भी नहीं बता पा रही थी। हालांकि, जब हॉस्पिटल में सचाई सामने आई तो परिजन बजाए शिकायत करने के, मामले को छिपाने लगे। डॉक्टर से पुलिस को सूचना मिली। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications