'जैसी रौनक अमेठी और रायबरेली में है वैसे ही... ', मां मेनका के लिए प्रचार करने पहुंचे वरुण गांधी
Sultanpur News: वरुण गांधी अपनी मां मेनका गांधी के लिए चुनाव प्रचार करने गुरुवार को सुल्तानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यहां की जनता से कई अपील की। इस दौरान उन्होंने मां के कार्यों की भी चर्चा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए वरुण गांधी ने कहा कि सुल्तानपुर एक ऐसा संसदीय क्षेत्र है जहां सांसद को माता कहा जाता है। मेरी मां होने के साथ साथ ये सुल्तानपुर की मां है। मां का दर्जा सबसे ऊपर होता है। आज यह बेटा सुल्तानपुर की मां के समर्थन में वोट की अपील करने आया है।
वरुण ने कहा कि जब हम 10 साल पहले यहां से चुनाव लड़ने के लिए आए तो लोगों ने कहा कि भैया, जैसी रौनक अमेठी और रायबरेली में है वैसी ही हम सुल्तानपुर में भी चाहते हैं। मुझे खुशी है कि आज सुल्तानपुर का नाम देश के प्रथम पंक्ति में आने वाले जिलों में लिया जाता है।

नगर की एक नुक्कड़ सभा में वरुण ने भाजपा के 'मोदी का परिवार' टैग लाइन से हटकर मंच से कहा सबका अधिकार हमारे परिवार के ऊपर है। यहां पर कोई हमसे अलग नहीं है। मैं आपको बताता हूं पूरे सुल्तानपुर में हमारे एक भी व्यक्ति में कोई गुस्सा नहीं, कोई दुश्मनी नहीं। हमारे सामने भी जो चुनाव लड़ेंगे बाद में अगर वो बीमार पड़े तो सबसे पहले हम ही उनकी मदद करेंगे।
वरुण गांधी को इस बार बीजेपी ने टिकट नहीं दिया। वह पीलीभीत सीट से सांसद थे। इस बार वह अपनी मां मेनका गांधी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
मेनका गांधी ने कहा कि वरुण गांधी योग्य हैं। जिसमें काबिलित है वो अपना रास्ता कहीं न कहीं बना लेता है। वरुण व राहुल गांधी को लेकर कहा कि सबके अपने-अपने रास्ते हैं, अपनी-अपनी किस्मत है।












Click it and Unblock the Notifications