UP News: सुबह टहलने निकला युवक, दोपहर में सड़क किनारे मिला शव, प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका
UP Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक युवक की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते ही उसकी हत्या की गई है। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
यह पूरा प्रकरण सुल्तानपुर जनपद के कोतवाली देहात अंतर्गत तिवारीपुर कुटिया गांव का है। बताया जा रहा है कि अमेठी जनपद के पेपर पर थाना क्षेत्र का रहने वाला 19 वर्षीय अनुज वर्मा उर्फ गोलू पुत्र शिवलाल वर्मा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में स्थित अपने ननिहाल में रहता था।

अनुज वर्मा प्रतिदिन अपने ननिहाल से टहलने के लिए निकलता था। शनिवार को भी सुबह में वह अपने ननिहाल से टहलने के लिए निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा। उसके बाद ननिहाल के लोग उसकी खोजबीन करने लगे।
काफी खोजबीन करने के बाद भी उसके बारे में कहीं जानकारी नहीं मिली। ननिहाल के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे इसी दौरान दोपहर में गांव में सड़क के किनारे लहू लुहान हालत में उसकी डेड बॉडी पाई गई। उसके बाद गांव के लोगों द्वारा फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा धारदार हथियार से युवक की हत्या किए जाने की जानकारी होने के बाद एसपी अखंड प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ किया।
अनुज वर्मा के भाई सत्यम वर्मा द्वारा बताया गया कि उसका भाई सुबह में टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान पड़ोस के गांव का रहने वाला सूरज वर्मा कुल्हाड़ी से काटकर उसके भाई की हत्या कर दी है। हत्या के पीछे क्या कारण है मृतक का भाई नहीं बता सका।
वहीं इस बारे में पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते अनुज वर्मा की हत्या हुई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications