श्रीनगर लोकसभा उपचुनाव: फारुख अब्दुल्ला जीते, कहा- राज्य सरकार हो बर्खास्त
जीतने के बाद फारुख ने कहा कि यह अब तक सबसे ज्यादा खूनी चुनाव था। उन्होंने मांग की है कि राज्य सरकार को भारत सरकार और राष्ट्रपति बर्खास्त करें।
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर लोकसभा सीट के उपचुनाव में नेशनल कॉंफ्रेंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार फारुख अब्दुल्ला ने जीत हासिल की। बता दें कि वो अपने करीबी प्रतिद्वंदी पीडीपी के नाजिर अहमद खान से करीब 10,000 वोटों से जीते हैं।

जनता को अदा किया शुक्रिया
अपनी जीत के बाद अब्दुल्ला ने स्थानीय जनता का शुक्रिया अदा किया। बता दें कि श्रीनगर सीट पर 12,61,862 मतदाता थे, जिसमें से 88,830 लोगों ने मतदान किया था। फारुख को जहां 47,926 वोट मिले वहीं नाजिर को 37369 मत मिले। फारुख ने मांग की है कि केंद्र सरकार और राष्ट्रपति मौजूदा राज्य सरकार को बर्खास्त कर दें।

9 को हुआ था उपचुनाव
गौरतलब है कि रविवार (9 मार्च) को हुए उपचुनाव में भयंकर हिंसा हुई थी। इसके बाद 38 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश चुनाव आयोग ने दिया था। प्रशासन ने रविवार को हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए बड़गाम जिले में हो रहे पुनर्मतदान में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 20,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इनमें से 16 मतदान केन्द्र चादूरा, आठ बडगाम, पांच बीरवाह, एक खान साहिब और आठ चरारेशरीफ में थे।

हुआ था उपद्रव
रविवार को उपचुनाव में बड़े पैमाने पर हिंसा ने मतदान प्रभावित किया था। सुरक्षाबलों द्वारा की गई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हुई थी जबकि दर्जनों लोग घायल हुए थे। रविवार को सात फीसदी वोट पड़े थे। अधिकारियों के मुताबिक, 70 प्रतिशत मतदान केन्द्रों को मतदानकर्मी हिंसा के कारण छोड़कर चले गये थे। इन खबरों के बाद चुनाव आोग ने 38 केंद्रों पर पुनर्मतदान के आदेश किए थे।

7.13 फीसदी हुई वोटिंग
जिसके बाद 38 मतदान केंद्रों पर गुरुवार (13 मार्च) को हुए पुनर्मतदान में 35169 रजिस्टर्ड वोटरों में से महज 709 ने वोट डाले थे। पुनर्मतदान में महज 2 फीसदी वोट पड़े थे। शुरुआती छह घंटों में सिर्फ 519 वोट ही पड़े थे। इस सीट पर पुनर्मतदान के बाद कुल 7.13 फीसदी वोटिंग दर्ज हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications