बाढ़ पीड़तों को पीएम ने दिया दिवाली का तोहफा, उमर ने जताया आभार
श्रीनगर। दीवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना के जवानों के साथ दिन बिताकर एक नयी शुरुआत की है। प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से तबाह हुए घरों के पुनर्निर्माण के लिए 570 करोड़ रूपए की मदद देने की घोषणा की है। मोदी ने साथ ही लेह, जम्मू और श्रीनगर में छह अस्पतालों को फिर से पुनर्स्थापित करने के लिए 175 करोड़ रूपए मदद की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं सात सितंबर को यहां आया था और तब मैंने 1000 करोड़ रूपए के पैकेज की घोषणा की थी। मैं आज फिर आया हूं ताकि स्थिति का जायजा ले सकूं और लोगों की समस्याओं को समझ सकूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह स्थानीय लोगों, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिले। लोग चाहते हैं कि सहायता राशि सीधे उन्हें मिले और उनकी इस मांग पर विचार किया जाएगा।
पीएम ने इस मौके पर पर कहा कि मकानों का पुनर्निर्माण अहम मुद्दा है और बेहतर होगा कि वित्तीय सहायता सीधे लोगों के बैंक खातों में जाए। हालांकि, जम्मू-कश्मीर सरकार ने पुनर्वास के लिए 44 हजार करोड़ रूपए का पैकेज मांगा है, लेकिन मोदी ने किसी व्यापक पैकेज की घोषणा नहीं की।
यह पहला मौका था जब दिवाली के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री कश्मीर घाटी में थे। अलगाववादी हुर्रियत कांफ्रेस ने बंद का आह्वान किया था, लेकिन आम लोगों को उम्मीद थी कि मोदी उनके पुनर्वास के लिए दिवाली के तोहफे की घोषणा करेंगे। पिछले महीने आई बाढ़ के बाद वह हालात का जायजा लेने आए थे और उन्होंने 1000 करोड़ रूपए के अंतरिम पैकेज की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications