'आतंक के साथ बातचीत नहीं हो सकती', भारत-पाक मैच रद्द होने पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कही दो टूक बात
WCL 2025: (Priyanka Chaturvedi) वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में होने वाला भारत-पाकिस्तान मैच अब रद्द कर दिया गया है। यह मुकाबला 20 जुलाई को इंग्लैंड के एजबेस्टन स्टेडियम में होना था। लेकिन भारतीय टीम के कई दिग्गज खिलाड़ियों द्वारा मैच खेलने से इनकार करने के बाद आयोजकों ने इसे रद्द करने का फैसला किया। राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस मुद्दे पर पहले से ही कड़ा विरोध जताया था। मैच रद्द होने के बाद उन्होंने खुशी जताई और कहा कि उन पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट नहीं खेला जा सकता था।''
प्रियंका चतुर्वेदी ने 20 जुलाई की सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ''इस फैसले के लिए सबका धन्यवाद, आतंकवाद के साथ कोई बातचीत नहीं हो सकती है। उन खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट नहीं हो सकती जिन्होंने संघर्ष के समय मेरे देश का अपमान किया।"

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा- राष्ट्र की सामूहिक आवाज पहाड़ हिला सकती है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने एक अन्य पोस्ट में कहा,
''राष्ट्र की सामूहिक आवाज पहाड़ों को हिला सकती है। उन सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने कड़ा रुख अपनाया और भारत-पाक क्रिकेट संबंधों के खिलाफ खड़े हुए, खासकर पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर के बाद और मैच रद्द करने के मेरे आह्वान का समर्थन किया। और ऐसा हुआ भी है। WCL ने भारत-पाकिस्तान मैच रद्द कर दिया है।''
IND VS PAK के मैच को लेकर क्या हुआ था विवाद ?
पिछले कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से क्रिकेट मैच खेले जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। दरअसल WCL में भारत-पाकिस्तान के रिटायर्ड क्रिकेटर्स के बीच मैच का आयोजन किया जाना था। लेकिन अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा था।
ऐसे में जब खिलाड़ियों से इस मैच को लेकर सवाल किए गए, तो भारतीय ओपनर शिखर धवन ने साफ कहा कि वे पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पत्र भी साझा किया जिसमें लिखा था, "जो कदम 11 मई 2025 को लिया, उस पर आज भी वैसे ही खड़ा हूं। मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता।"
शिखर धवन के साथ-साथ हरभजन सिंह, सुरेश रैना, यूसुफ पठान और इरफान पठान जैसे कई भारतीय क्रिकेटर्स ने भी इस मैच से खुद को अलग कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन खिलाड़ियों के फैसले के पीछे पहलगाम हमला और देश के मौजूदा हालात का असर था।
WCL आयोजकों की सफाई और माफ़ी
मैच रद्द होने के बाद आयोजकों ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि उनका उद्देश्य केवल खेल और खुशियों के पल देना था। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच वॉलीबॉल और अन्य खेलों के आयोजन के चलते उन्हें यह मैच भी सकारात्मक रूप में लेना चाहिए था। लेकिन वे समझते हैं कि इससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
आयोजकों ने कहा, "हमने कई भारतीय दिग्गजों को असहज कर दिया, जो देश के लिए गौरव का विषय रहे हैं। इसलिए हमने यह मैच रद्द करने का फैसला किया है। हम दिल से माफी मांगते हैं।"
एजबेस्टन स्टेडियम ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, "भारत-पाकिस्तान मैच रद्द कर दिया गया है। कृपया स्टेडियम न आएं। सभी टिकटधारकों को पूरा पैसा वापस मिलेगा।"
BCCI और ICC का क्या रोल?
चूंकि WCL एक प्राइवेट टूर्नामेंट है, इस पर BCCI या ICC का कोई नियंत्रण नहीं है। इसी वजह से खिलाड़ियों को अपनी व्यक्तिगत राय के आधार पर निर्णय लेने का पूरा अधिकार था।












Click it and Unblock the Notifications