चीन ने भारतीय टेनिस स्टार का वीजा ठुकराया, खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर दर्द बताकर लगाई मदद की गुहार
Sumit Nagal: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल इस समय एक अप्रत्याशित संकट से जूझ रहे हैं, जिसने उनके करियर के एक महत्वपूर्ण अवसर पर खतरे के बादल ला दिए हैं। नागल ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) का सहारा लेते हुए, चीनी अधिकारियों से वीज़ा अस्वीकृति के मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की भावनात्मक अपील की है।
28 वर्षीय नागल को आगामी 24 से 29 नवंबर 2025 तक चीन के चेंग्दू में आयोजित होने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन एशिया-पैसिफिक वाइल्डकार्ड प्ले-ऑफ में भाग लेना है। यह टूर्नामेंट इसलिए निर्णायक है क्योंकि यह विजेता को सीधे 2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन (साल का पहला ग्रैंड स्लैम) के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश दिलाता है।

हालांकि, इस महत्वपूर्ण सफर से पहले ही उनके रास्ते में रोड़ा आ गया है। नागल ने अपने पोस्ट में बताया कि उनका वीज़ा आवेदन बिना किसी स्पष्ट कारण के खारिज कर दिया गया है।
कूटनीतिक हस्तक्षेप की गुहार
मामले की गंभीरता को समझते हुए, नागल ने सीधे कूटनीतिक हस्तियों का ध्यान आकर्षित करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी अपील में भारत में चीन के राजदूत झू फीहोंग और चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग को टैग किया है। खबर लिखे जाने तक चीन की तरफ से एक्स पर कोई जवाब नहीं आया था लेकिन भारतीय फैन्स ने चीन की क्लास लगा दी।
नागल ने लिखा, "मैं सुमित नागल, भारत का नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी हूँ। मेरे पास चेंग्दू में होने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन प्ले-ऑफ के लिए वीज़ा नहीं है, जिसे बिना कारण खारिज कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट मेरे लिए एक बड़ा अवसर है। मैं आपसे अनुरोध करता हूँ कि कृपया इस पर ध्यान दें।"












Click it and Unblock the Notifications