Wrestlers Protest: पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे विजेंदर सिंह, भीड़ के साथ बैठने को कहा गया
भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवान इस मामले को राजनीतिक रूप नहीं देना चाहते इसलिए विजेंदर सिंह को बाकी भीड़ के साथ बैठने के लिए कहा गया है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भारतीय पहलवानों के सपोर्ट में लोगों का समर्थन बढ़ता जा रहा है। बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक जैसे ओलंपिक मेडलिस्ट की उपस्थिति में हो रहे इस विरोध प्रदर्शन को राजनीति से दूर रखने की बात हो रही है। पहलवानों का कहना है कि वे सरकार नहीं बल्कि भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ हैं। फेडरेशन के चीफ ब्रजभूषण पर महिला पहलवानों के शोषण का आरोप है।
अब भारत के मुक्केबाज और कांग्रेस नेता विजेंदर सिंह शुक्रवार, 20 जनवरी को जंतर-मंतर पर पहलवानों के सपोर्ट में शामिल हुए। विजेंदर भी ओलंपिक पदक विजेता रह चुके हैं और अब वे प्रोफेशनल बॉक्सर हैं। उन्होंने मीडिया से बात की और कहा कि वह खेल बिरादरी के प्रति समर्थन दिखाने के लिए वहां मौजूद हैं। वे यहां रेसलरों से मिलने के लिए आए हैं।
हालांकि भारतीय पहलवान साफ तौर पर कह चुके हैं कि वे इस प्रदर्शन को किसी राजनीतिक पार्टी की रोटियां सेंकने का मंच बनने नहीं देंगे। ये विशुद्ध तौर पर पहलवानों का प्रदर्शन है। विजेंदर सिंह का राहुल गांधी प्रेम और मोदी सरकार के प्रति आलोचक रवैया सोशल मीडिया पर कोई छुपी बात नहीं है। ऐसे में जब विजेंदर सुबह-सुबह विरोध मैदान में बैठ गए तो उन्हें भी बाकी भीड़ के साथ बैठने के लिए कहा गया क्योंकि पहलवान इस घटना को कोई राजनीतिक रंग नहीं देना चाहते थे। इससे पहले भाकपा नेता बृंदा करात से भी यही कहा गया था।
भारतीय पहलवानों ने इंडियन रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह को बर्खास्त करने की मांग की है। उन पर कई आरोप लगाए गए हैं, जिनमें यौन उत्पीड़न और जबरन वसूली के आरोप शामिल हैं।
विजेंदर ने इस मौके पर कहा, "मैं चाहता हूं कि उन पहलवानों को न्याय मिले, पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों की पूरी जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सीबीआई जांच होनी चाहिए।"
इसी दौरान ताजा खुलासे में 21 वर्षीय अंशू मलिक ने कहा "WFI अध्यक्ष जूनियर विश्व चैंपियनशिप में जूनियर लड़कियों वाली मंजिल पर रहे और अपना दरवाजा खुला छोड़ दिया। ऐसे में हर लड़की को असहज बना दिया गया था।"
Recommended Video

बताया गया है कि पहलवानों की गुरुवार देर रात खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बैठक बेनतीजा रही। कॉमनवेल्थ खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगट ने डब्ल्यूएफआई के सदस्यों को यह कहते हुए धमकी दी है कि अगर अपराधी खुद इस्तीफा नहीं देते हैं, तो पहलवान अपनी कार्यवाही शुरू कर देंगे जो उन्हें जेल ले जाएगी।
दूसरी ओर, कैसरगंज से भाजपा के लोकसभा सांसद ब्रजभूषण सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ ये राजनीतिक षडयंत्र हुआ है और वे इसको उजागर कर देंगे। उन्होंने आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेस करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications