ब्रिटेन सरकार के लिए मुसीबत बना ऑयल प्रोटेस्ट, प्रदर्शनकारियों ने अब Wimbledon में डाला खलल, तीन गिरफ्तार
Wimbledon: विम्बलडन में ग्रिगोर दिमित्रोव (Grigor Dimitrov) के मैच के दौरान तीन पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ताओं (Environmental Activists) ने कोर्ट पर रंग बिरंगे कागज के टुकड़े फेंककर मैच को बाधित कर दिया। इन प्रदर्शनकारियों में एक महिला भी थी, जिन्होंने 'जस्ट स्टॉप आइल' (Just Stop Oil) की टीशर्ट पहन रखी थी। फिलहाल तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रदर्शनकारियों को किया गया गिरफ्तार
दरअसल, यह संगठन चाहता है कि ब्रिटिश सरकार नयी तेल, गैस और कोयला परियोजनायें रोक दे। आल इंग्लैंड क्लब के अनुसार, दोनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिमित्रोव ने जापानी क्वालीफायर शो शिमाबाकुरो को 6. 1, 6 . 2, 6. 1 से हराने के बाद प्रदर्शन के बारे में कहा, 'यह अच्छा नहीं था, लेकिन इसमें क्या कर सकते हैं।'
सुरक्षा बढ़ाने के बाद भी नहीं रुक रहे मामले
इसके अलावा आस्ट्रेलिया की डारिया सेविले और ब्रिटेन की वाइल्ड कार्डधारी कैटी बूल्टर के मैच में भी बाधा पहुंचाई गई। इस साल ब्रिटेन में बड़ी खेल स्पर्धाओं के दौरान इस ग्रुप के प्रदर्शन को देखते हुए आल इंग्लैंड क्लब ने लंदन पुलिस और अन्य एजेंसियों से मिलकर विम्बलडन की सुरक्षा बढाई थी।
प्रदर्शनकारियों ने इन खेलों को बनाया निशाना
प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले एशेज टेस्ट, इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच टेस्ट, प्रीमियरशिप रग्बी फाइनल, प्रीमियर लीग फुटबॉल मैच और विश्व स्नूकर चैम्पियनशिप के दौरान भी बाधा पहुंचाई थी, जिसके बाद बाधा डालने के आरोप में तीन प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
ऑल इंग्लैंड क्लब के संचालन निदेशक मिशेल डिटे ने पिछले सप्ताह कहा था कि, 'अन्य खेल आयोजनों में जो हुआ है, उसके आधार पर और हमारे प्रमुख भागीदारों की सलाह पर हमने अपनी सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की है, जिसे अब चैंपियनशिप के लिए बढ़ा दिया गया है।'
दरअसल, इंग्लैंड में 'जस्ट स्टॉप ऑयल' नाम से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है। यहां के प्रदर्शनकारी सरकार की नई तेल, गैस और कोयला परियोजनाओं को लेकर विरोध जता रहे हैं। ऐसे में अपनी मागों को मनवाने के लिए प्रदर्शनकारी नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
क्या है जस्ट स्टॉप ऑयल प्रदर्शन
जस्ट स्टॉप ऑयल एक पर्यावरण कार्यकर्ताओं का ग्रुप है, जोकि पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को उठाता है। फिलहाल, यह ग्रुप ब्रिटेन सरकार की नई तेल, गैस और कोयला परियोजनाओं के विरोध में सड़कों पर उतर आया है, इन लोगों की मांग है कि सरकार इन परियोजनाओं से जुड़े लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दे।












Click it and Unblock the Notifications