कौन है अमरदीप कुमार की बदहाली का जिम्मेदार? देश को 4 गोल्ड मेडल देकर टमाटर-मिर्च बेचने को मजबूर
Amardeep Kumar: रांची के अरगोड़ा चौक पर इन दिनों एक सब्जी की दुकान पर आने वाले लोग शायद ही जानते हों कि उनके सामने बैठा शख्स कभी अंतरराष्ट्रीय मैदान पर भारत का तिरंगा लहरा चुका है। सामने धनिया और हरी मिर्च की ढेरियां हैं लेकिन पीछे रखे पदक अमरदीप कुमार की उस पहचान की याद दिलाते हैं, जो कभी खेल के मैदानों में बनी थी।
भारत के लिए चार गोल्ड मेडल जीत चुके अंतरराष्ट्रीय थ्रोबॉल खिलाड़ी की मौजूदा जिंदगी ने एक बार फिर खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमरदीप ने बेहद कम उम्र में खेल को अपना रास्ता बनाया था। दसवीं कक्षा के बाद उन्होंने थ्रोबॉल खेलना शुरू किया और रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यास से अपने सफर को आगे बढ़ाया।

मेहनत का असर जल्दी दिखाई दिया और वह राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने लगे। आज उनके नाम चार गोल्ड मेडल दर्ज हैं। इस उपलब्धि के बावजूद वह सब्जी बेचकर अपना गुजारा कर रहे हैं, उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है और खिलाड़ियों की अनदेखी पर लोग गुस्से में हैं। वीडियो में अमनदीप सब्जी तौलकर अपने ग्राहकों को देते हुए दिख रहे हैं। पीछे उनके मेडल लटके हुए हैं, जो देश के लिए किए गए कारनामे की गवाही देते हैं।
अमरदीप के करियर में चार गोल्ड मेडल से झारखंड का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा। मैदान पर मिली इन सफलताओं के बावजूद उनके लिए आर्थिक स्थिरता का रास्ता आसान नहीं हुआ।
खेल कोटे से नहीं मिला रोजगार
खेल के बाद समय आगे बढ़ा लेकिन आर्थिक तंगी उसी तरह बरकरार रही। वर्ष 2025 में वह परिवार की मदद के लिए रांची के अरगोड़ा इलाके में खाने की दुकान चला रहे थे। उन्होंने खेल कोटे के जरिए नौकरी पाने के लिए कई जगह आवेदन किया लेकिन उन्हें स्थायी रोजगार नहीं मिल सका। थक-हारकर अमरदीप ने सब्जी बेचकर घर चलाने का फैसला ले लिया।
पदक दे रहे हैं उपेक्षा की गवाही
अमरदीप के पीछे टंगे पदक और सामने लगी सब्जी की दुकान की फोटो इसलिए चर्चा में है क्योंकि दोनों उनकी जिंदगी के दो अलग हिस्सों को एक साथ दिखाती है। एक तरफ भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर हासिल की गई उपलब्धियां हैं, तो दूसरी तरफ परिवार की जरूरतों के लिए किया जा रहा काम है।
खराब माली हालत के लिए जिम्मेदार कौन?
चार पदकों के बाद किसी खिलाड़ी की इस स्थिति को देखकर सोशल मीडिया पर भी लोग चर्चा कर रहे हैं। भावुक लोग गुस्से में भी हैं। सवाल एक ही है कि देश के लिए अपना बेस्ट देने वाले खिलाड़ियों के साथ इस तरह की परेशानी का जिम्मेदार कौन है? खिलाड़ी तो देश के लिए अपना काम कर रहे हैं लेकिन सिस्टम इसे अनदेखा कर रहा है। राज्य और केंद्र सरकार को ऐसे मामलों को देखते हुए तुरंत कोई ठोस उपाय करने चाहिए क्योंकि अंततः सिस्टम उस सरकार का ही हिस्सा होता है। देश में खेलो इंडिया चल रहा है और मेडल जीतने वाले सब्जी बेचते हुए बदहाल जीवन जीने पर मजबूर हैं।


Click it and Unblock the Notifications
