Paralympics 2024: सुमित अंतिल ने रचा पैरालंपिक जैवेलिन में इतिहास, रिकॉर्ड के साथ लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
Sumit Antil: पेरिस पैरालंपिक के जैवेलिन थ्रो इवेंट में भारत का दबदबा देखने को मिला है। F64 कैटेगरी में सुमित अंतिल ने अपने पहले ही प्रयास में पैरालंपिक रिक्रोड़ ध्वस्त कर दिया। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने और ज्यादा दूरी तय कर एक बार फिर से अपना रिकॉर्ड तोड़ डाला।
पहले प्रयास में सुमित का भाला 69.11 मीटर की दूरी तय करने में सफल रहा। इसके बाद दूसरे प्रयास में यह और ज्यादा आगे गया। इस बार उन्होंने 70.59 मीटर की दूरी तय करते हुए नया पैरालंपिक रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। टोक्यो में सुमित ने 68.55 मीटर की दूरी तय करते हुए गोल्ड मेडल जीता था।

सुमित का चौथा प्रयास फाउल रहा लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ने वाला था और पांचवें प्रयास में 69.04 मीटर की दूरी उन्होंने तय की। इसके बाद अंतिम प्रयास में उनका भाला 66 मीटर से थोड़ा दूर गिरा और गोल्ड मेडल पर कोई आंच नहीं आनी थी। इस तरह सुमित ने लगातार दूसरी बार पैरालंपिक में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
इस इवेंट में दो और भारतीय थे। इनमें संदीप चौथे स्थान पर थे और संदीप संजय सातवें स्थान पर रहे। मजे की बात तो यह है कि टोक्यो में जो टॉप तीन एथलीट थे, यहाँ भी कुछ वही देखने को मिला है। दूसरे स्थान पर इस बार श्रीलंका और तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलियाई एथलीट रहा। पिछली बार ऑस्ट्रेलियाई एथलीट ने सिल्वर जीता था।
श्रीलंका के कुडिथुवाक्कु ने अपना बेस्ट थ्रो 67.03 मीटर का फेंका। उनके अलावा तीसरे स्थान पर रहने वाले ऑस्ट्रेलियाई एथलीट बरियन माइकल ने 64.89 मीटर की दूरी तय करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमा लिया। भारत के संदीप ने 62.80 मीटर की दूरी के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया।












Click it and Unblock the Notifications