ऋतु फोगाट की अगली MMA फाइट, कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला, कैसे देखें लाइव
Ritu Phogat: भारत की नंबर 1 मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर ऋतु फोगाट बुधवार, 29 अप्रैल को अपने करियर की अगली फाइट के लिए रिंग में उतर रही हैं। जापान की राजधानी टोक्यो के एरियाके एरीना में होने वाले ONE SAMURAI 1 इवेंट में उनका सामना एटमवेट MMA मुकाबले में इत्सुकी हिराटा के रूप में एक मजबूत विरोधी से होगा।
इस मुकाबले को जीतकर हरियाणा की इस लाजवाब फाइटर का प्रयास होगा कि वह वर्ल्ड टाइटल की दौड़ में आगे बढ़ें। जापानी प्रतिद्वंदी को घरेलू मैदान पर फाइट करने का फायदा मिलेगा तो वहीं फोगाट की नजरें उन्हें घरेलू फैंस के सामने ढेर करने पर होंगी।

कब, कहां और कैसे देखी जा सकेगी ऋतु फोगाट की फाइट?
"द इंडियन टाइग्रेस" के नाम से मशहूर फोगाट की फाइट भारतीय फैंस live.onefc.com पर पे-पर-व्यू के जरिए देख सकते हैं।
इस इवेंट का लाइव प्रसारण भारतीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे से शुरु होगा। 15 फाइट्स वाले मैच कार्ड में फोगाट का मुकाबला सातवें नंबर पर होगा। अंदाजे के हिसाब से फोगाट की फाइट 1-2 बजे के बीच हो सकती है।
फोगाट ने करियर की अहम फाइट से पहले विरोधी को दी कड़ी चेतावनी
मां बनने के बावजूद भी फाइटिंग करियर को जारी रखने वाली फोगाट ने अपनी प्रतिद्वंदी के बारे में कहा, "मैं इस फाइट को पहले या दूसरे राउंड में फिनिश करना चाहती हूं। मैं उन्हें यही कहूंगी कि ऋतु फोगाट से बचकर रहना।"
क्या कहता है फोगाट का MMA रिकॉर्ड?
अपने महान पिता महावीर सिंह फोगाट की देखरेख में गीता और बबीता फोगाट की तरह ऋतु ने भी रेसलिंग में कामयाबी हासिल की। मगर उन्होंने 2019 में रेसलिंग को किनारे कर MMA में जाने का फैसला लिया और ONE Championship में शामिल हो गईं।
उन्होंने 2019 में अपना डेब्यू धमाकेदार जीत के साथ किया और करियर में अब तक सात मुकाबलों को जीत चुकी हैं। उन्होंने अपनी शानदार रेसलिंग और विरोधियों को मैट पर पटककर मुक्के-कोहनी बरसाने के लिए जाना जाता है।
कौन हैं फोगाट की प्रतिद्वंदी इत्सुकी हिराटा?
31 वर्षीय फोगाट का सामना जापान की 26 वर्षीय MMA सनसनी इत्सुकी हिराटा से होगा। हिराटा ने MMA का रुख करने से पहले जूडो के खेल में पहचान बनाई और यह उनके MMA खेल में साफ देखने को मिलता है, जब वो धोबी पछाड़ दांव से उन्हें पटक देती हैं।
हिराटा ने ONE करियर में अभी तक छह विरोधियों को पटखनी दी है और उनका प्रयास होगा कि फोगाट को अपना अगला शिकार बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications