स्पेन-मिस्र बीच वॉलीबॉल मैच के दौरान कॉस्टयूम पर बवाल, महिला एथलीटों के पहनावे पर उठे सवाल
Paris Olympics 2024 Latest News: पेरिस ओलंपिक में स्पेन और मिस्र की महिला बीच वॉलीबॉल टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। जिसके बाद खिलाड़ियों के कॉस्टयूम को लेकर बहस छिड़ गई। मिस्र की टीम ने हिजाब पहना था, जबकि स्पेन की खिलाड़ियों ने बिकिनी पहनी थी। एक ही खेल के दौरान खेलते वक्त अलग-अलग ड्रेस होने के कारण फैंस लगातार इस पर कमेंट्स कर रहे हैं।
महिला एथलीट कॉस्टयूम को लेकर लड़ी है लड़ाई
महिला एथलीटों ने ओलंपिक में भाग लेने के दौरान पहनने के अधिकार के लिए लंबे समय तक कड़ी लड़ाई लड़ी है। पेरिस ओलंपिक से पहले टोक्यो ओलंपिक के दौरान भी महिला एथलीटों के कॉस्टयूम पर बवाल मचा था। कुछ दिन पहले ही पेरिस ओलंपिक में पाकिस्तान की तैराक जहांआरा नबी भी फैंस के निशाने पर आ गई थीं। जिसके बाद पाकिस्तानी फैंस ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था। ओलंपिक में भाग लेने वाली महिला एथलीटों का उनके देश और खेल के हिसाब से अलग-अलग ड्रेस कोड होता है।

कॉस्टयूम पर मचा बवाल
स्पेन और मिस्र की महिला बीच वॉलीबॉल की बात करें तो जैसे ही मैच की तस्वीरें ऑनलाइन सामने आईं। बीच वॉलीबॉल में यूज होने वाले कॉस्टयूम के बारे में चर्चाएं शुरू हो गई। लिलियाना फर्नांडीज और पाउला सोरिया गुटिरेज़ वाली स्पेनिश टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच का अंत स्पेन द्वारा मिस्र को सीधे सेटों में हराने के साथ हुआ। इस जीत के बावजूद बातचीत खिलाड़ियों के परफॉर्मेंस के बजाये उनके पहनावे की हो रही है। सोशल मीडिया पर बिकनी पहनकर मैच खेलने के कारण स्पेन की खिलाड़ियों को ट्रोल किया जा रहा है।
संस्कृतियों और धर्मों का सम्मान करना जरूरी
मिस्र की बीच वॉलीबॉल टीम के सदस्यों ने पहले भी पेरिस ओलंपिक में एथलीटों के लिए फ्रांस के हिजाब प्रतिबंध के बारे में चिंता व्यक्त की है। मिस्र की दोआ एल्गोबाशी ने कहा कि मैं हिजाब पहनकर खेलना चाहती हूं, वह बिकनी पहनकर खेलना चाहती है। अगर आप नग्न रहना चाहते हैं या हिजाब पहनना चाहते हैं, तो सब ठीक है। बस सभी संस्कृतियों और धर्मों का सम्मान करें।
स्वतंत्र देश में मिलनी चाहिए आजादी
एल्गोबाशी ने आगे कहा, "मैं आपसे हिजाब पहनने के लिए नहीं कहती और आप मुझसे बिकिनी पहनने के लिए भी नहीं कहते। कोई भी मुझे यह नहीं बता सकता कि मुझे कैसे कपड़े पहनने चाहिए। यह एक स्वतंत्र देश है, हर किसी को वह करने की अनुमति होनी चाहिए जो वह करना चाहता है। बता दें कि मिस्र के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान लंबी काली आस्तीन वाली शर्ट और टखने तक की काली लेगिंग पहनी थी। इसके विपरीत स्पेन के खिलाड़ियों ने बीच वॉलीबॉल में आमतौर पर देखी जाने वाली पारंपरिक बिकनी को चुना।












Click it and Unblock the Notifications