Paris Olympics 2024: 'बस कर्म करो', कांस्य मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली मनु भाकर ने क्यों कही ये बात?
Manu Bhaker won Bronze medal in Paris Olympics 2024: आज भारत की बेटी मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला मेडल जीतकर कामयाबी का नया इतिहास लिखा है।
उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। आपको बता दें कि वो ओलंपिक की इस श्रेणी में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला है।

जैसे ही मनु ने निशाना साधकर देश का मेडल पक्का किया वैसे ही पूरा भारत खुशी से झूम उठा। देश के प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने मनु भाकर को जीत की बधाई दी है।
उन्होंने ट्वीट किया है कि 'एक ऐतिहासिक पदक!बहुत बढ़िया, manubhaker #ParisOlympics2024 में भारत का पहला पदक जीतने के लिए! कांस्य पदक के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है क्योंकि वह भारत के लिए निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि!#Cheer4Bharat
मैं आज अपने भारत के लिए पदक जीत पाई-मनु भाकर
पदक जीतने के बाद मनु भाकर ने डीडी स्पोर्टस से बात करते हुए कहा कि 'मैं बहुत ज्यादा खुश हूं कि मैं आज अपने भारत के लिए पदक जीत पाई। मैं अपने देश के लिए ओलंपिक पदक जीतने का सपना देखती थी और आज वह सपना साकार हो गया। ये पल खास है और इसे शब्दों में परिभाषित करना बहुत मुश्किल है।'
'टोक्यो ओलंपिक के बाद मैं थोड़ा निराश थी...'
'टोक्यो ओलंपिक के बाद मैं थोड़ा निराश थी लेकिन मैंने वापस अपने खेल पर फोकस किया, मैं शुक्रगुजार हूं अपने कोच, अपने परिवार और अपने मित्रों का जिन्होंने लगातार मुझे प्रोत्साहित किया और मेरा मनोबल गिरने नहीं दिया।'
'अपना कर्म करो और फल की चिंता ना करो'
जब उनसे पूछा गया कि 'अंतिम पलों में उनके दिमाग में क्या चल रहा था? तो इस पर मनु भाकर ने कहा कि 'मैंने गीता काफी अच्छे से पढ़ा है, उसमें साफ लिखा है कि अपना कर्म करो और फल की चिंता ना करो, इसलिए मेरे दिमाग में सिर्फ शूटिंग चल रही थी और इसके अलावा और कुछ सोच नहीं रही थी। मैं देशवासियों का भी आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मेरे लिए दुआएं मांगी।'
मनु भाकर ने 22 साल की उम्र में ओलंपिक में सफलता का नया इतिहास लिखा
आपको बता दें कि 22 साल की उम्र में इतिहास रचने वाली मनु भाकर ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 221.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य मेडल जीता है। आपको बता दें कि टोक्यो ओलंपिक में वो शुरुआती राउंड में ही आउट हो गई थीं, जिसके बाद वो आलोचनाओं का भी शिकार बनी थीं लेकिन मनु ने सारी कड़वी यादों को भूलाकर कोच जसपाल राणा के साथ मिलकर ओलंपिक के लिए तैयारी की थी, जिसका परिणाम उन्हें आज मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications