Paris Olympics: पेरिस ओलंपिक में भारत को लगा एक और झटका! सरबजोत और चीमा पिस्टल राउंड से बाहर
Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 की धमाकेदार शुरुआत के बीच भारत को बड़ा झटका लगा है। अभी तक कोई भी भारतीय एथलीट पदक तक नहीं पहुंच सका है। इस बीच भारतीय निशानेबाज सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के लिए क्वालीफिकेशन राउंड से बाहर हो गए।
सरबजोत और अर्जुन ने किया निराश
सरबजोत सिंह 577 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहे, जबकि अर्जुन 574 अंकों के साथ 18वें स्थान पर रहे। दोनों भारतीय निशानेबाजों ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालीफिकेशन राउंड के शुरुआती चरण में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन इसको बरकरार नहीं रख सके।

एक समय सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा फाइनल सीरीज तक शीर्ष आठ में थे, जहां उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण शॉट गंवा दिए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए अपनी स्थिति से बाहर होना पड़ा।
सरबजोत ने बताया बाहर होने का कारण
सरबजोत ने ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर से बातचीत में कहा कि, 'मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन मैं समझ नहीं पाया कि यह सब कैसे हुआ। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। हालांकि, यह ठीक है, क्योंकि यह मेरा पहला ओलंपिक था और मुझे अच्छा अनुभव मिला, क्योंकि मैंने बहुत कुछ सीखा। मेरी तकनीक में अभी भी कुछ कमियां हैं, मैं कुछ चीजों में विफल हो रहा हूं। मैं वापस जाकर उन्हें सुधारूंगा।'
उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि, 'यह एक सामान्य खेल की तरह लगा। मैंने एक बार पीछे देखा, जिससे मेरा ध्यान भटक गया और मेरी अगली सीरीज बर्बाद हो गई। मैंने कभी स्कोरबोर्ड पर ध्यान नहीं दिया और सिर्फ अपनी तकनीक पर ध्यान केंद्रित किया। हां, मेरा ध्यान सिर्फ मिश्रित टीम स्पर्धा पर रहेगा और मैं उसके लिए तैयारी करूंगा।'
ये भी पढ़िए- Paris 2024 Olympics, Day 1 Live: ओलंपिक में भारतीय एथलीट दिखा रहे हैं दम! यहां देखें हर मुकाबले का लाइव अपडेट
सरबजोत के अलावा भारत के अर्जुन सिंह चीमा का भी दिन निराशाजनक रहा क्योंकि उन्होंने 574-17x के अंतिम स्कोर के साथ 18वें स्थान पर राउंड समाप्त किया।












Click it and Unblock the Notifications