मुंबई के युवा फुटबॉलर की मौत, पेड़ से लटकी मिली बॉडी, सुसाइड या मर्डर? जांच में जुटी पुलिस
Mumbai U16 Footballer Death News: मुंबई अंडर-16 टीम के पूर्व फुटबॉलर सागर सोरती पिछले सप्ताह पालघर के मेंढावन खिंड जंगल में एक पेड़ से लटके पाए गए। जिसके बाद खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस इसे आत्महत्या का संदिग्ध मामला मान रही है। हालांकि, पुलिस की जांच अभी जारी है और जल्द ही सही रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है।
फुटबॉल मैच खेलने का हवाला देकर निकले थे घर से बाहर (Mumbai U16 Footballer Death News)
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार 15 नवंबर को सागर सोरती पुणे में एक फुटबॉल मैच खेलने का हवाला देकर अपने घर से निकले थे। हालांकि, जब दो दिनों तक उनके परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो उन्हें संदेह हुआ। 17 नवंबर को पुलिस ने पालघर के जंगल में रस्सी से लटका उनका शव बरामद किया। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन के माध्यम से उनकी पहचान की।

आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज
कसा पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोरती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा गया है, जिससे उनकी मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। उसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकेगी।
दर्द में बदला खुशियों का माहौल
मौत के बाद परिवार ने खुलासा किया है कि सागर सोरती पिछले कुछ वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं से जूझ रहे थे। उनकी परेशानी का कारण क्या था, इसका खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन स्थिति की गंभीरता तब सामने आई जब उन्होंने अपने छोटे भाई की आने वाली शादी के लिए नए कपड़े सिलवाने से इनकार कर दिया था। जिस सप्ताह परिवार में खुशियों का माहौल होना था, वह अब एक दर्दनाक सदमे में बदल गया है।
इससे पहले इसी साल सितंबर में 20 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ खान को भी मुंबई में उनके घर पर मृत पाया गया था। आसिफ अपनी छह महीने पुरानी पैर की चोट के लगातार दर्द से जूझ रहे थे, जिसे आत्महत्या का संदिग्ध मामला माना गया था।












Click it and Unblock the Notifications