World Weightlifting Championships में मीराबाई चानू का जलवा, सिल्वर मेडल जीत किया कमाल
World Weightlifting Championships 2025, Mirabai Chanu: भारत की ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने नॉर्वे के फोर्डे में चल रही विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 में शानदार वापसी करते हुए सिल्वर मेडल (Silver Medal) जीत लिया है। उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में कुल 199 किलोग्राम (स्नैच में 84 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 115 किग्रा) भार उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।
48 किग्रा वर्ग में किया कमाल (World Weightlifting Championships 2025)
पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यह चानू का पहला बड़ा वैश्विक इवेंट था। जिसके लिए वह 49 किग्रा वर्ग से 48 किग्रा वर्ग में वापस आई हैं। स्नैच में चानू को थोड़ी मुश्किल हुई और वह 87 किग्रा के दो प्रयासों में चूक गईं। हालांकि, उन्होंने क्लीन एंड जर्क में अपनी लय वापस पाई और अपने सभी तीनों लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरे किए। चानू ने क्लीन एंड जर्क में 115 किलोग्राम का वजन उठाया, जो उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2021 के बाद पहली बार उठाया था।

री सोंग-गुम ने जीता गोल्ड मेडल
इस वर्ग में गोल्ड मेडल उत्तर कोरिया की री सोंग-गुम ने जीता। उन्होंने ज़बरदस्त प्रदर्शन करते हुए तीन विश्व रिकॉर्ड बनाए। री सोंग-गुम ने स्नैच में 91 किग्रा, क्लीन एंड जर्क में 122 किग्रा का नया विश्व रिकॉर्ड और कुल 213 किग्रा का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। थाईलैंड की थान्यथॉन सुकचारोएन ने कुल 198 किग्रा भार उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
भारत का नाम किया रौशन
मीराबाई चानू 2017 में विश्व चैंपियन और 2022 में सिल्वर मेडल विजेता रही थीं। चानू ने एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। यह पदक उनकी कठोर ट्रेनिंग और पेरिस ओलंपिक के बाद वापसी के उनके मजबूत इरादे को बताता है। चानू के अलावा भारत का पुरुष दल भी इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहा है, जिसकी अगुआई लवप्रीत सिंह कर रहे हैं, जो राष्ट्रमंडल खेलों के ब्रॉन्ज मेडल विजेता हैं।












Click it and Unblock the Notifications