क्या खत्म हो गया हैंडशेक विवाद? भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने मिलाया हाथ, आखिर किसने जीता मैच?
Johor Cup 2025 Highlights: मलेशिया में सुल्तान ऑफ़ जोहोर कप 2025 में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम और पाकिस्तान के बीच हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-3 से ड्रॉ खेला। इस नतीजे के बावजूद भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपनी अजेय बढ़त बनाए रखने में सफल रही है। एक समय भारत दो गोल से पीछे था, लेकिन टीम ने ज़बरदस्त वापसी करते हुए बढ़त बनाई। हालांकि, पाकिस्तान ने मैच के अंतिम क्षणों में गोल कर अंकों को बांटने पर मजबूर कर दिया।
मैच में देखने को मिले कई उतार-चढ़ाव (Johor Cup 2025 Highlights)
मैच की शुरुआत में भारत ने पोज़ेशन पर हावी होते हुए दबदबा बनाया। लेकिन पांचवें मिनट में पाकिस्तान के कप्तान हन्नान शाहिद ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले हाफ में भारतीय टीम तमाम कोशिशों के बावजूद बराबरी का गोल नहीं कर पाई। तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान के सूफियान खान ने एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया।

भारत ने बनाई थी बढ़त
ऐसा लगा कि भारत मैच से बाहर हो रहा है, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। आराइजीत सिंह हुंडल ने 43वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से पहला गोल दागकर अंतर कम किया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में असली रोमांच देखने को मिला। सौरभ आनंद कुशवाहा ने 47वें मिनट में एक बेहतरीन शॉट लगाकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इस गोल से उत्साहित भारत ने आक्रमण तेज किया और 53वें मिनट में मनमीत सिंह ने शानदार गोल करके भारत को मैच में पहली बार 3-2 की बढ़त दिला दी।
ड्रॉ पर समाप्त हुआ मैच
हालांकि, भारतीय फैंस की यह खुशी ज़्यादा देर तक नहीं टिकी। इसके महज दो मिनट बाद ही पाकिस्तान के सूफियान खान (55') ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। आखिरी मिनटों में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा ज़ोर लगाया, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका और मैच 3-3 के ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दोनों देशों के खिलाड़ियों ने मिलाया हाथ
क्रिकेट में एशिया कप और महिला वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया था। लेकिन इस मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने हाई फाइव किया। राष्ट्रगान के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे के साथ हाई फाइव किया। जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह गए।












Click it and Unblock the Notifications