India Open 2026: 'दिल्ली नरक जैसा है, खिलाड़ी यहां बीमार होते हैं', विदेशी खिलाड़ी ने BWF से की शिकायत
India Open 2026: डेनमार्क की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट (Mia Blichfeldt) ने दिल्ली में आयोजित हो रहे इंडिया ओपन 2026 (India Open 2026) को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया। मिया ब्लिचफेल्ट ने इंडिया ओपन के इंतजामों पर तीखा हमला बोला है। मिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत में दिल्ली के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को गंदा और अस्वास्थ्यकर करार दिया है।
खिलाड़ी के लिए सुरक्षित नहीं भारत (India Open 2026)
मिया ब्लिचफेल्ट ने इंदिरा गांधी स्टेडियम की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यहा खेलना किसी भी पेशेवर खिलाड़ी के लिए सुरक्षित नहीं है। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) से बात करते हुए बताया कि यहां के हालात अभी भी बहुत खराब और गंदे हैं। जब मैं वार्म-अप कोर्ट पर गई, तो वहां पक्षी उड़ रहे थे और कोर्ट पर जगह-जगह पक्षियों की बीट पड़ी हुई थी। यह पूरी तरह से अस्वास्थ्यकर है और किसी पेशेवर खेल आयोजन में ऐसा होना सामान्य नहीं है।

भारत को करनी है विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी
भारत को इसी साल अगस्त में विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करनी है। मिया ने विश्व बैडमिंटन महासंघ (BWF) और भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) से अपील की है कि वे इस वेन्यू की स्थिति पर गंभीरता से विचार करें। उन्होंने कहा कि यह एक प्रोफेशनल स्पोर्ट्स है। मुझे नहीं लगता कि दुनिया के अन्य एथलीट ऐसी परिस्थितियों में खेलना पसंद करेंगे। आयोजकों को पेशेवर मानकों को बनाए रखने की जरूरत है।
स्टेडियम बदलने के बाद भी वही हाल
हैरानी की बात यह है कि पिछले साल भी मिया ब्लिचफेल्ट ने केडी जाधव हॉल की बदहाली की शिकायत की थी। खिलाड़ियों की नाराजगी को देखते हुए इस साल टूर्नामेंट को इंदिरा गांधी स्टेडियम में शिफ्ट किया गया था, लेकिन मिया के बयानों से साफ है कि जमीनी स्तर पर स्थितियां नहीं बदली हैं। अगस्त में होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले इस तरह की आलोचना भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ा झटका है।
17 साल बाद भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है, और अगर विदेशी खिलाड़ियों की शिकायतें इसी तरह बनी रहीं, तो भारत की वैश्विक छवि पर असर पड़ सकता है। हालांकि मिया ने यह भी माना कि आयोजक अपनी क्षमता के अनुसार कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह पर्याप्त नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications