कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने के कुछ घंटे पहले भारत को पहला मेडल, बिना गेम खेले हो गया कमाल
Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज अभी हुआ भी नहीं था कि भारत का एक पदक पक्का हो गया है। गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी से पहले ही भारत के लिए एक खुशखबरी आई है। महिला बॉक्सिंग में भारत की लवलीना बोरगोहेन का मेडल जीतना तय हो गया है।
लवलीना को अब कांस्य पदक जीतने से तो कोई नहीं रोक सकता है। हालंकि देश तो यही चाहता है कि वह गोल्ड पर कब्जा करें लेकिन अभी तो गेम्स शुरू भी नहीं हुए। बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर ऐसा क्या हो गया, जो गेम्स से पहले ही एक मेडल पक्का हो गया है।

महिला बॉक्सिंग में 75 किलोग्राम भार वर्ग में सिर्फ पांच ही महिलाओं का नाम था। इसके बाद टॉप तीन को सीधे सेमीफाइनल में एंट्री मिल गई। इस तरह भारत का एक मेडल पक्का हो गया क्योंकि हारने पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। कम से कम कांस्य पदक तो पक्का हो गया है।
सेमीफाइनल में जीतने पर लवलीना फाइनल में एंट्री कर लेंगी लेकिन हारने पर उनका सफर समाप्त हो जाएगा, हालांकि मेडल भी पक्का हो जाएगा। सेमीफाइनल में हारने के बाद कोई गेम नहीं होगा। इसका मतलब यह है कि दो सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों प्लेयर्स को कांस्य पदक मिलेगा।
क्यों नहीं होगा तीसरे स्थान के लिए गेम?
बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में हारने के बाद तीसरे स्थान के लिए कोई गेम नहीं होता है, इस वजह से दो प्लेयर्स को कांस्य पदक दिया जाता है। प्लेयर्स की हेल्थ और रिकवरी के लिए मिलने वाले समय को देखते हुए ऐसा किया जाता है। लंबे समय से ऐसा ही होता आ रहा है।
कौन हैं लवलीना बोरगोहेन?
भारतीय बॉक्सिंग में लवलीना एक बड़ा नाम है। ओलंपिक 2020 में लवलीना ने कांस्य पदक हासिल किया था। इसके अलावा 2023 में उन्होंने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया था। नेशनल गेम्स और एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भी उनको गोल्ड मिला था। वह ओलंपिक में असम का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला हैं।


Click it and Unblock the Notifications
