केले बेचने से लेकर लाखों का कॉन्ट्रैक्ट जीतने वाले फाइटर कार्लो बुमिना-अंग ने कामयाबी की नई कहानी लिखी
किस्मत उन्हीं लोगों का साथ देती है, जिनमें कुछ कर गुज़रने का दम होता है। फिलीपींस के मिक्स्ड मार्शल आर्टिस्टस कार्लो बुमिना-अंग ने करीब एक दशक पहले जो फाइट करने का सपना देखा था, आज वह उस सपने को जी रहे हैं।
31 वर्षीय फाइटर अपने अगले मैच के लिए ONE Championship के ONE Fight Night 39 इवेंट में होने वाले बेंटमवेट MMA मुकाबले में ब्राजीलियाई फाइटर मार्कोस ओरेलियो का सामना कर डिविजन में अपनी धाक जमाना चाहेंगे।

मां की मदद के लिए केले बेचने का काम किया
बुमिना-अंग दूसरे फाइटरों के मुकाबले MMA के खेल में काफी देरी से आए क्योंकि उन्हें अहसास नहीं था कि वह क्या करना चाहते हैं। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे फिलीपीनो स्टार ने दो साल तक बाजार में केले बेचने का काम किया ताकि परिवार को आर्थिक तौर पर सहारा दिया जा सके।
उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया, "मैंने 2018 में MMA की ट्रेनिंग शुरु की। उससे पहले मैं 2016 से 2018 तक बाजार में केले बेचता था। मैं केले की खेती में अपनी मां की मदद करता था और फिर स्टॉल लगाकर केले बेचता था। करीब दो साल तक मेरी यही जिंदगी थी।"
फिलीपींस के फाइटर्स का दबदबा देख जागा जोश
जिस समय बुमिना-अंग ने MMA की ट्रेनिंग का फैसला किया, उस समय ONE Championship में उनके देश की टीम लकाय के फाइटरों का दबदबा हुआ करता था। "द बुल" के नाम से चर्चित स्टार ने भी इस खेल में आगे बढ़ने का फैसला किया और कोच से उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही।
उन्होंने बताया, "मुझे महसूस होता था कि मैं जीवन में कुछ बड़ा करने के लिए आया हूं। मुझे MMA का जुनून हो गया। मैं सोचता था कि मुझे यह करना है क्योंकि मुझे लोगों को मुक्के मारने का आइडिया पसंद आया। मुझे पसंद था जब दो लोग रिंग में आकर एक दूसरे पर मुक्के बरसाएं।"
फिलीपींस के अनुभवी स्टार ने 2023 में संगठन में आकर लगातार पांच जीत दर्ज करते हुए 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट जीता और मेन रोस्टर का हिस्सा बने। अब वह जीत हासिल करते हुए खिताब की तरफ कदम बढ़ाना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications