Asian Games 2023: कौन हैं गोल्फ में इतिहास बनाने वाली चैंपियन अदिति अशोक, सिल्वर मेडल जीतकर किया कमाल
Asian Games 2023, Aditi Ashok: भारत की स्टार महिला गोल्फर अदिति अशोक ने एशियाई गेम्स में इतिहास रच दिया है। रविवार यानी कि एक अक्टूबर को सिल्वर मेडल जीतते हुए अदिति ने एशियाई गेम्स में भारत को एक और मेडल दिलाने का काम किया। एशियन गेम्स में आदिति अशोक के पास गोल्ड जीतने का सुनहरा मौका था लेकिन वह ऐसा करने से चूक गई।
अदिति अशोक ने रचा इतिहास: हालांकि, सिल्वर मेडल जीत करके अदिति अशोक ने इतिहास रच दिया। अदिति महिला गोल्फ स्पर्धा के आखिरी दिन रविवार को अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और 73 का निराशाजनक कार्ड खेलकर सिल्वर मेडल ही जीत सकी। अदिति के पास तीसरे दौर के बाद तालिका में शीर्ष पर सात शॉट की बड़ी बढ़त थी। उन्होंने बर्डी मुकाबले में चार बोगी और एक डबल बोगी करके बढ़त को गंवा दिया।

अदिति के पास था गोल्ड जीतने का मौका: इसके साथ ही अदिति दूसरे स्थान पर खिसक गई। यही वजह रही कि अदिति को गोल्ड की जगह सिल्वर से संतोष करना पड़ा। गोल्फ में यह भारत का चौथा व्यक्ति मेडल था इससे पहले लक्ष्मण सिंह और शिव कपूर ने 1982 और 2002 में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने का कारनामा किया था। वहीं राजीव मेहता ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया था
कौन हैं अदिति अशोक: 29 मार्च 1998 को बैंगलोर, भारत में जन्मी अदिति अशोक ने खुद की पहचान महिला गोल्फ में बनाने में सफलता हासिल कर ली है। अदिति ने साल 2011 में 13 साल की उम्र में कर्नाटक जूनियर और दक्षिण भारतीय जूनियर चैंपियनशिप सहित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट जीतकर अपनी गोल्फ सफर की शुरुआत की थी। उसी साल, उन्होंने राष्ट्रीय शौकिया खिताब जीता। अदिति 2016 में पेशेवर बन गईं और तब से अलग-अलग इंटरनेशनल गोल्फ टूर्नामेंटों में भाग ले चुकी हैं।
ओलंपिक सहित कई गोल्फ इवेंट्स में ले चुकी हैं भाग: अदिति अशोक ने ओलंपिक सहित कई गोल्फ इवेंट्स में गर्व से भारत का प्रतिनिधित्व किया है, और बड़ी सफलता हासिल करते हुए लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) और एलपीजीए टूर में भाग लिया है। उन्हें भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ में होनहार युवा प्रतिभाओं में से एक के रूप में पहचाना जाता है। एशियन गेम्स में भी उन्होंने अपने खेल से सभी का दिल जीतने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications