'उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा,' नीरज चोपड़ा का नाम सुनते ही चुप हुए अरशद नदीम, IND-PAK तनाव के बाद बदले तेवर
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खेल की दुनिया में भी दिखने लगा है। पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंदी नीरज चोपड़ा को लेकर कमेंट करने से इनकार कर दिया है।
दरअसल, भारत-पाक तनाव के बीच जब नीरज ने नदीम को बेंगलुरु में होने वाले NC Classic टूर्नामेंट के लिए न्योता भेजा, तो उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। ये विवाद उस वक्त और गहरा गया जब जम्मू-कश्मीर के टूरिस्ट स्पॉट पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई।

नीरज का नाम आते ही अरशद खामोश
अरशद नदीम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, 'भारत के साथ चल रहे तनाव के चलते मैं नीरज चोपड़ा को लेकर कोई कमेंट नहीं करना चाहता।' उन्होंने आगे कहा कि, 'मैं एक गांव से आता हूं और सिर्फ इतना कहूंगा कि मैं और मेरा परिवार हमेशा अपनी फौज के साथ खड़े रहेंगे।'
एनसी क्लासिक हुआ पोस्टपोन, नीरज को ट्रोल किया गया
नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तान के खिलाड़ी अरशद को बेंगलुरु में 24 मई को होने वाले NC Classic टूर्नामेंट में बुलाया था, लेकिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यह आयोजन टाल दिया गया। सोशल मीडिया पर नीरज को पाकिस्तानी खिलाड़ी को न्योता देने के लिए ट्रोल भी किया गया।
पेरिस ओलंपिक में नदीम ने मारी बाज़ी, नीरज रहे दूसरे
2024 पेरिस ओलंपिक में अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि नीरज चोपड़ा सिल्वर पर रहे। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज़ हुईं, लेकिन नीरज ने भी साफ कहा कि वे और अरशद कभी भी 'करीबी दोस्त' नहीं रहे।
नदीम की नजर अब 100 मीटर पर, नीरज ने तोड़ी 90 मीटर की दीवार
अरशद नदीम ने अपने लक्ष्य को लेकर कहा कि, 'मैं हमेशा खुद से मुकाबला करता हूं, और मेरा सपना है कि मैं 100 मीटर का आंकड़ा पार करूं।' दूसरी ओर, नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो करके नया पर्सनल बेस्ट हासिल किया है, जिसे वे पांच साल से पाने की कोशिश कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications