PKL 2022: रोमांचक मुकाबले में पलटन पड़ी भारी, बेंगलुरु बुल्स को 2 अंक से हराया
नई दिल्ली। पुनेरी पल्टन ने अपने डिफेंस की बदौलत शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में जारी वीवो प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन के 70वें मैच में बेंगलुरू बुल्स को 37-35 से हरा दिया। यह पल्टन की पांचवीं जीत और बुल्स की पांचवीं हार है। इस मैच में पल्टन के लिए मोहित गोयत (13 अंक) के अलावा डिफेंस में सोमवीर (5 अंक) चमके। बुल्स के लिए पवन सेहरावत ने इस सीजन का अपना 10वां सुपर-10 पूरा किया लेकिन इस दौरान वह कुल आठ बार आउट हुए। साथ ही बुल्स के डिफेंस ने भी निराश किया। पांच मिनट के खेल में पवन ने दो अंक लिए और दो बार टैकल हुए।
शुरुआती छह मिनट में पल्टन के डिफेंस ने तीन अंक ले अपनी टीम को 5-4 की लीड दिला दी। अमन ने हालांकि मोहित को आउट कर स्कोर बराबर किया। आठवें मिनट में भरत ने बुल्स को लीड दिलाई। मोहित डू ओर डाई रेड पर दो अंक लेकर गए औऱ स्कोर 8-6 कर दिया। इस पर बुल्स ने रिव्यू लिया लेकिन उसे नकार दिया गया। बुल्स ऑल आउट की कगार पर थे लेकिन दीपक नरवाल ने पवन को रिवाइब करते हुए इसे टाल दिया। स्कोर 9-9 था। पल्टन ने पवन को तीसरी बार लपक बुल्स को ऑल आउट कर 13-10 की लीड ले ली।
और पढ़ें: PKL 2022: यु मुंबा ने तेलुगु टाइटंस को हराया, प्वाइंटस टेबल में लगाई 3 स्थान की छलांग
आलइन के बाद पवन ने बोनस लिया। अगली रेड पर पवन ने टच प्वाइंट लिया और स्कोर 12-13 कर दिया। फिर बुल्स के डिफेंस ने डू ओर डाई रेड पर असलम को लपक स्कोर बराबर कर दिया। अगली रेड पर पवन ने सोमवीर को आउट किया। फिर उनकी अगली रेड पर कर्मवीर सेल्फ आउट हुए। स्कोर 15-13 था। मोहित ने पल्टन के लिए अपनी दूसरी डू ओर डाई रेड पर दो अंक लिए और स्कोर बराबर कर दिया। हाफ टाइम से पहले ही अंतिम रेड पर पल्टन के चार के डिफेंस ने भरत को लपक छठी कामयाबी के साथ लीड हासिल की। ब्रेक के बाद पवन चौथी बार लपके गए लेकिन उससे पहले वह बोनस ले चुके थे।
बुल्स के लिए सुपर टैकल आन था। मोहित डू ओर डाई रेड पर थे। बुल्स के डिफेंस ने भारी गलती की। वह दो अंक लेकर लौटे। फिर पल्टन ने बुल्स को दूसरी बार ऑल आउट कर 22-17 की लीड ले ली। आलइन के बाद पवन ने असलम इनामदार को बाहर किया। फिर नितिन ने दो टच प्वाइंट ले स्कोर 24-18 कर दिया। पल्टन का डिफेंस कमाल कर रहा था। उसने पांचवीं बार पवन को टैकल किया। भरत ने बुल्स के लिए बोनस लिया और फिर पांच के डिफेंस में मोहित डू ओर डाई रेड पर गए। इस बार भी वह टच प्वाइंट लेकर लौटे। फिर भरत ने अगली रेड पर मोहित को साफ किया। भरत की अगली रेड पर डिफेंस की गलती पर पवन रिवाइव हुए।
और पढ़ें: Legends League Cricket में नमन ओझा ने मचाई तबाही, 9 छक्के-15 चौके लगाकर ठोंकी 140 रनों की पारी
नितिन ने भरत के खिलाफ गलती की और बुल्स को अंक दिया। स्कोर 23-27 हो गया था। असलम ने छह के डिफेंस में बोनस के साथ दो अंक ले पल्टन को 6 की लीड दिला दी। पवन ने हालांकि ब्रेक के बाद एक बोनस लिया। लेकिन पल्टन के डिफेंस ने अगले रेड पर छठी बार लपके गए। स्कोर 30-24 था। बुल्स के लिए सुपर टैकल आन था और सौरव नांगल ने असलम को लपक स्कोर 27-32 कर दिया। फिर दीपक ने बुल्स के लिए बोनस लिया। पवन रिवाइव हुए और फिर सातवीं बार टैकल भी कर लिए गए। स्कोर 33-29 था। अपनी 20वीं रेड पर असलम ने दीपक को बाहर किया। अब सुपर टैकल आन था।
सब्सीट्यूट के तौर पर आए डोंग जोन ली ने एक टच प्वाइंट लिया। असलम हालांकि अगली रेड पर लाबी में गए। अब स्कोर 31-34 था। अगली रेड पर भरत ने संकेत को आउट किया। फिर बुल्स के डिफेंस ने नितिन को लपक लिया। हालांकि वह बोनस ले चुके थे। स्कोर 35-33 था। पल्टन के लिए अब सुपर टैकल आन था। पवन आए और एक अंक लेकर गए। साथ ही उनका सुपर-10 पूरा हुआ। शुभम शिल्के ने पल्टन की अंतिम रेड पर पवन को आउट किया। भरत गए, उन्हें एक अंक मिला। चार सेकेंड अभी भी बचे थे। मोहित ने आखिरी रेड पर मोहित ने अंक ले सुपर-10 पूरा कर अपनी टीम को जीत दिला दी।